गुमला में रात के अंधेरे में काल बना सड़क पर खड़ा ट्रैक्टर, स्कूटी समेत अंदर फंसे चाचा-भतीजे; दोनों की मौत
गुमला के घाघरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत ...और पढ़ें

गुमला में सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो की मौत।
HighLights
गुमला में सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो की मौत।
बालू लदे ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, मौके पर ही मौत।
जागरण संवाददाता, गुमला। घाघरा थाना क्षेत्र के घाघरा-लोहरदगा मुख्य पथ पर चाहत होटल के समीप शनिवार की रात करीब 10 बजे सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान जग बगीचा निवासी लिबन उरांव और नौडीहा निवासी 45 वर्षीय देवनारायण उरांव के रूप में हुई है।
देवनारायण, लिबन के रिश्ते में चाचा लगते थे। मिली जानकारी के अनुसार, बालू लदा एक ट्रैक्टर टायर पंचर होने के कारण सड़क पर खड़ा था। बताया जाता है कि दिन के उजाले में ही ट्रैक्टर का टायर पंचर हो गया था, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी उसे सड़क से किनारे नहीं किया गया।
इसी दौरान रात में स्कूटी सवार दोनों लोग वहां पहुंचे और सड़क पर खड़े ट्रैक्टर को देख नहीं सके। उनकी स्कूटी पीछे से ट्रैक्टर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों लोग स्कूटी समेत ट्रैक्टर के अंदर फंस गए।
हाइड्रा की मदद से निकाले गए शव
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। काफी मशक्कत के बाद हाइड्रा की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा रहने को हादसे की प्रमुख वजह बताया।
उनका कहना था कि यदि समय रहते ट्रैक्टर को सड़क से हटा दिया जाता या दुर्घटना से बचाव के लिए पर्याप्त संकेतक और चेतावनी लाइट लगाई जाती, तो हादसे को टाला जा सकता था।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शवों और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
