रामगढ़ के स्टील प्लांट में फिर जोरदार धमाका, तीन कर्मी झुलसे; एक की हालत गंभीर
कुजू के श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में शनिवार देर शाम फर्नेस ब्लास्ट होने से तीन कर्मी झुलस गए, जिनमें ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट कुजू में फर्नेस ब्लास्ट हुआ।
हादसे में तीन कर्मी झुलसे, एक की हालत गंभीर बताई गई।
प्लांट में लगातार हो रहे हादसों पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल।
संवाद सूत्र, कुजू (रामगढ़)। कुजू नया मोड़- आरा मार्ग स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में शनिवार की देर शाम एक बार फिर फर्नेस ब्लास्ट होने से तीन कर्मी झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में प्रबंधन ने घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया। घायलों में एक कर्मी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
बताया जाता है कि हादसे के समय प्लांट में स्पंज मेल्टिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक फर्नेस में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे कर्मियों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
गनीमत रही कि फर्नेस के निचले हिस्से में विस्फोट हुआ। इसकी चपेट में आने से तीन कर्मी झुलस गए। घायलों की पहचान फिटर बिट्टू कुमार (18 वर्ष), पिता गुंजन साव, निवासी अदापार, मोतिहारी (बिहार), क्रेन आपरेटर जयनंदन यादव (24 वर्ष), निवासी सरलाही (नेपाल) तथा मेल्टर राहुल कुमार (31 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुरेश सिंह, निवासी अरगड्डा के रूप में हुई है।
इनमें राहुल कुमार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।सूत्रों के अनुसार, आयरन ओर के मेल्टिंग के दौरान यह हादसा हुआ। कुजू ओपी के अनि अरविंद सिंह ने सूचना के बाद घटनास्थल जाकर स्थिति का जायज़ा लिया।
सूत्रों के पहले भी हो चुके हैं जानलेवा हादसे
उल्लेखनीय है कि प्लांट में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इससे पूर्व 22 सितंबर 2025 को हुई घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई थी। वहीं, गत 9 अगस्त को हुए फर्नेस ब्लास्ट में भी तीन कर्मियों की जान चली गई थी।
अब एक बार फिर तीन कर्मियों के झुलसने की घटना ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।लगातार हो रही दुर्घटनाओं से प्लांट प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं, हादसों की पुनरावृत्ति ने संबंधित विभागों और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था को भी कठघरे में खड़ा कर दिया है। कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
यह भी पढ़ें- रामगढ़ में मेला घूमकर लौटते समय पत्नी से हुआ विवाद, तो गाड़ी से उतरा युवक; सुबह सड़क किनारे मिला शव
