विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुमला में बच्चा चोरी की अफवाह का खौफनाक अंजाम, भीड़ ने विक्षिप्त महिला को पीट-पीटकर मार डाला

Published: Mon, 09 Mar 2026 11:23 AM (GMT+05:30)

झारखंड के गुमला जिले में बच्चा चोर की अफवाह ने एक बेगुनाह विक्षिप्त महिला की जान ले ली। बिशुनपुर के ...और पढ़ें

बच्चा चोरी की अफवाह पर निर्दोष की हत्या। सांकेतिक फोटो

बच्चा चोरी की अफवाह पर निर्दोष की हत्या। सांकेतिक फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, गुमला। झारखंड के गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड के लबगा गांव में रविवार देर रात बच्चा चोर की अफवाह ने एक बेगुनाह की जान ले ली। संदेह और अफवाह के माहौल में ग्रामीणों की भीड़ ने एक अज्ञात विक्षिप्त महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, इन दिनों इलाके में बच्चा चोर की अफवाह तेजी से फैल रही है। इसी बीच रविवार की रात एक अज्ञात महिला गांव में इधर-उधर घूमती दिखाई दी। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी। ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया और बिना किसी ठोस जानकारी के उसे पकड़कर मारपीट शुरू कर दी।

बताया जाता है कि महिला लगातार खुद को निर्दोष बताती रही और भीड़ से बचने की कोशिश करती रही, लेकिन अफवाह के माहौल में किसी ने उसकी बात नहीं सुनी।

पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया 

इसी दौरान किसी ने घटना की सूचना बिशुनपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह महिला को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया।

गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिशुनपुर लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि शरीर पर लगी गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृत महिला की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में बिशुनपुर थाना में 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अफवाह पर ध्यान न देने की सलाह

यह घटना समाज के लिए एक बड़ी चेतावनी है कि अफवाह किस तरह खौफनाक रूप ले सकती है। केवल संदेह और अफवाह के आधार पर किसी की पिटाई करना न सिर्फ अमानवीय है, बल्कि कानूनन भी गंभीर अपराध है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

यह भी पढ़ें- झारखंड में 647 स्वास्थ्य केंद्रों को मिलेगा भवन, कई हेल्थ सेंटर होंगे अपग्रेड; केंद्र ने जारी किए ₹516 करोड़

यह भी पढ़ें- झारखंड के कपल का हनीमून हुआ खराब, ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच दुबई में फंसे; अब 10 दिन बाद होगी वतन वापसी