विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुमला में गाड़ी की तेज लाइट से बिगड़ा बाइक का संतुलन, दो युवकों की मौत और तीसरा रेफर

Published: Sat, 21 Nov 2026 03:47 PM (IST)

चैनपुर थाना क्षेत्र के डडगांव मोड़ पर शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों पुनीत एक्का और विकास कुजूर की मौके पर ही मौत हो गई। 

तेज लाइट से बिगड़ा बाइक का संतुलन (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

तेज लाइट से बिगड़ा बाइक का संतुलन (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. चैनपुर में भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत।

  2. तेज हेडलाइट से बाइक का संतुलन बिगड़ा, हेलमेट नहीं पहना था।

  3. एक युवक गंभीर रूप से घायल, गुमला अस्पताल रेफर।

जागरण संवाददाता, गुमला। चैनपुर थाना क्षेत्र के डडगांव मोड़ के समीप शुक्रवार की मध्य रात्रि हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के वक्त बाइक पर सवार तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। दुर्घटना की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायडीह प्रखंड के सुरसांग थाना क्षेत्र अंतर्गत नीचे खटगा गांव निवासी पुनीत एक्का (23), विकास कुजूर (21) और कुलदीप टोप्पो (30) एक ही मोटरसाइकिल से चैनपुर थाना क्षेत्र के रातु गम्हरिया गांव धान मिसने गए थे। 

काम खत्म कर लौट रहे थे घर

काम समाप्त करने के बाद तीनों शुक्रवार की मध्य रात्रि अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डडगांव मोड़ के समीप सामने से आ रहे एक वाहन की तेज हेडलाइट की रोशनी सीधे बाइक चालक की आंखों पर पड़ी। 

अचानक आंखें चौंधियाने से चालक बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में पुनीत एक्का और विकास कुजूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कुलदीप टोप्पो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर होने के साथ शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

हेलमेट नहीं पहनने से बढ़ा खतरा

बताया जाता है कि बाइक पर सवार तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट सिर की गंभीर चोट से बचाव का महत्वपूर्ण सुरक्षा साधन है। इस हादसे ने एक बार फिर दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को सामने ला दिया है।

पुलिस पहुंची घटनास्थल, घायल को गुमला किया गया रेफर

दुर्घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक विजय उरांव और सहायक अवर निरीक्षक धर्मपाल लुगुन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल कुलदीप टोप्पो को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। 

वहां चिकित्सक डॉ. प्रभात ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें- गुमला में छठी की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, पंचायत ने 24 हजार रुपये जुर्माना लगाकर मामला दबाने की कोशिश की


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।