'अभी लौटकर आती हूं...' कहकर 15 दिन की बच्ची को छोड़ गई महिला, फिर नहीं लौटी; गोड्डा के अस्पताल की घटना
Godda News: मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला अपनी 15 दिन की बच्ची को छोड़कर चली गई और फिर वापस नहीं लौटी।

Godda Hospital: Newborn Baby Abandoned: महरामा अस्पताल में नवजात के बच्ची के साथ नर्स, डाक्टर और अन्य। (फोटो जागरण)
HighLights
महिला ने गोड्डा अस्पताल में 15 दिन की बच्ची छोड़ी।
बच्ची को स्वस्थ पाकर अस्पताल ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मामले की जांच कर रही, बच्ची अस्पताल में सुरक्षित।
अनिल आनंद, मेहरमा (गोड्डा)। झारखंड के गोड्डा जिले के मेहरामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। अस्पताल के ऊपरी तल्ले पर स्थित महिला वार्ड में घूंघट में पहुंची एक महिला करीब 15 दिन की अपनी दुधमुंहे बच्ची को छोड़कर चली गई।
महिला ने वार्ड में पहले से भर्ती एक महिला मरीज को बताया कि वह कुछ देर में वापस आकर बच्ची को ले जाएगी। हालांकि काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों को संदेह हुआ। मरीजों ने तत्काल ड्यूटी पर तैनात डाक्टर प्रणव राज को इसकी जानकारी दी।
चिकित्सक ने बच्ची की स्वास्थ्य जांच की तो वह पूरी तरह स्वस्थ मिली। काफी देर तक महिला के लौटने का इंतजार किया गया। लेकिन जब बच्ची को लेने कोई नहीं पहुंचा तो अस्पताल प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थाना से सहायक अवर निरीक्षक सन्मुख राम अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन की। डाक्टर प्रणव राज ने बताया कि बच्ची के संबंध में जिला मुख्यालय स्थित चाइल्ड हेल्थ केयर को सूचना दे दी गई है।
फिलहाल बच्ची को अस्पताल में अपनी निगरानी में रखा गया है। उसके लिए आवश्यक दूध, वस्त्र एवं अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है।
मजबूरी या पारिवारिक परिस्थिति, बना चर्चा का विषय
घटना की जानकारी के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान जितनी मुंह उतनी बड़ी बातें की जाने लगी। कुछ लोग महिला के इस कदम की आलोचना कर रहे हैं तो कुछ इसे उसकी संभावित पारिवारिक मजबूरी से जोड़कर देख रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्ची को असुरक्षित जगह पर छोड़ने के बजाय अस्पताल जैसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना उसके हित में बेहतर कदम रहा। हालांकि महिला ने किन परिस्थितियों में बच्ची को छोड़ा, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। बच्ची के संरक्षण और आगे की देखभाल को लेकर संबंधित बाल संरक्षण इकाई की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
यह भी पढ़ें- मधुपुर बाईपास रेल परियोजना में आई तेजी, नए स्टेशन से बढ़ेगी सुविधा और रोजगार
यह भी पढ़ें- झारखंड के 24 जिलों में बिछेगा सड़कों का जाल, विकसित भारत-जी राम जी योजना से बनेगी 12500 KM सड़क
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।