विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

85 साल पुरानी परंपरा, महादंगल का दिखेगा रोमांच; झारखंड के हनवारा में 25 नवंबर से शुरू होगा कार्तिक मेला

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:53 PM (IST)

महागामा के हनवारा में 1941 से लगने वाला ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेला इस बार 25 और 26 नवंबर को आयोजित होगा। 

हनवारा मेला की तैयारी शुरू। जागरण

हनवारा मेला की तैयारी शुरू। जागरण

HighLights

  1. हनवारा में 85 साल पुराना ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेला।

  2. हिंदू-मुस्लिम मिलकर मनाते हैं सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक।

  3. महादंगल कुश्ती प्रतियोगिता मेले का प्रमुख आकर्षण होगी।

अजय झा, महागामा (गोड्डा)। कुछ आयोजन केवल उत्सव नहीं होते, बल्कि अपने भीतर इतिहास, परंपरा और सामाजिक एकता की ऐसी कहानी समेटे रहते हैं, जो पीढ़ियों तक जीवित रहती है।

महागामा प्रखंड के हनवारा में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाला ऐतिहासिक मेला भी ऐसी ही विरासत का हिस्सा है। वर्ष 1941 से शुरू हुई इस मेले की परंपरा आज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है।

इस बार 25 और 26 नवंबर को मेला लगेगा, जिसमें झारखंड और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के पहुंचने की उम्मीद है।

हिंदू-मुस्लिम साथ मिलकर निभाते हैं परंपरा

हनवारा का कार्तिक मेला धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति और ग्रामीण जीवन की जीवंत तस्वीर पेश करता है।कार्तिक मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है।

वहीं, मेले में सजी दुकानें, मनोरंजन के साधन और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को आकर्षित करती हैं।

इस बार आज मंगलवार 24 नवंबर की रात्रि भगवान कार्तिक जी की प्रतिमा को मंदिर में प्रवेश कराया जाएगा। इसी दिन गंगा आरती का भव्य आयोजन भी होगा।

इसके बाद 25 और 26 नवंबर को मेले की रौनक देखने को मिलेगी। आयोजन का विशेष आकर्षण महादंगल कुश्ती प्रतियोगिता होगी, जिसमें पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले होंगे।

सांप्रदायिक सौहार्द की भी है पहचान

इस मेले की सबसे बड़ी विशेषता धार्मिक आयोजन से आगे बढ़कर सामाजिक एकता का संदेश देता है। मेला समिति के अध्यक्ष रामजी पासवान के अनुसार, पूजा-पाठ हिंदू समुदाय की आस्था से जुड़ा है, जबकि आयोजन की व्यवस्था और तैयारियों में मुस्लिम समुदाय के लोग भी वर्षों से बढ़-चढ़कर सहयोग करते आ रहे हैं। दोनों समुदायों की सहभागिता हनवारा में आपसी सद्भाव और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश करती है।

युवाओं ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

मेले को सफल बनाने में आदर्श क्लब हनवारा के युवाओं की सक्रिय भूमिका है। नवरत्न शर्मा, अजय भगत, अमित साह, संजय भगत, कन्हैया कुमार, अमन कुमार, मिलन कुमार, बादल, कृष्णा कुमार, आर्यन, गगन कुमार, राजू मंडल, विश्वनाथ साह और रोहित यादव सहित अन्य युवा तैयारियों में जुटे हैं।

आठ दशक से अधिक पुरानी यह परंपरा बताती है कि समय बदलने के बावजूद लोक आस्था और आपसी अपनापन अपनी जगह कायम है। हनवारा का कार्तिक मेला आज भी लोगों को जोड़ने और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को संजोने का माध्यम बना हुआ हैं।

थाना प्रभारी विकास कुमार ने कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।

श्रद्धालुओं और मेला घूमने आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मेले का आनंद लेने की अपील की।

यह भी पढ़ें- 23 साल बाद कस्टोडियल डेथ मामले में बड़ा फैसला: तिलैया के तत्कालीन थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी बरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।