विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रास्ते में दुल्हन की तस्वीर देख भड़का दूल्हा, गाड़ी मोड़कर भागा; गोड्डा में 90 बारातियों को बनाया बंधक

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:42 PM (IST)

गोड्डा के महागामा में एक शादी के दौरान दूल्हा दुल्हन की तस्वीर देखकर भड़क गया और भाग गया, जिसके बाद लड़की पक्ष ने 90 बारातियों को बंधक बना लिया। 

गोड्डा में 90 बारातियों को बनाया बंधक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

गोड्डा में 90 बारातियों को बनाया बंधक (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. दूल्हा दुल्हन की तस्वीर देखकर शादी से भागा।

  2. लड़की पक्ष ने 90 बारातियों को बंधक बनाया।

  3. पुलिस हस्तक्षेप के बाद बारातियों को मुक्त कराया गया।

जयप्रकाश भगत, महागामा (गोड्डा)। शादी की सारी तैयारियां पूरी थीं। घर में भव्य पंडाल सजा था और बारातियों के स्वागत के लिए नाश्ते से लेकर भोजन तक का इंतजाम किया गया था। दहेज में भी वर पक्ष की मांग के अनुसार सामान दिया गया था। 

लेकिन शादी के दिन एक ऐसी घटना हुई कि खुशियां उस समय हंगामे में बदल गईं, जब दूल्हे के अचानक गायब होने से लड़की पक्ष के लोग नाराज हो गए। काफी मान-मनौव्वल के बावजूद जब बात नहीं बनी तो मामला थाने तक पहुंच गया। 

गुस्साए लड़की पक्ष के लोगों ने करीब 90 बारातियों को रोककर बंधक बना लिया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप और दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद बारातियों को मुक्त कराया गया।

गोपालपुर से महागामा गई थी बारात 

जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकटिया बाजार निवासी सेवानिवृत्त पंचायत सचिव बालेश्वर शर्मा ने अपने पुत्र विश्वजीत शर्मा की शादी महागामा निवासी शिक्षक विंदेश्वरी शर्मा की पुत्री से तय की थी। विश्वजीत कनीय अभियंता हैं। गुरुवार को बालेश्वर शर्मा करीब 90 बारातियों के साथ कई वाहनों से महागामा पहुंचे थे।

दुल्हन की कथित तस्वीर दिखाए जाने से दूल्हा नाराज 

बताया जाता है कि रास्ते में दुल्हन की कथित तस्वीर दिखाए जाने को लेकर दूल्हा नाराज हो गया और अपनी गाड़ी लेकर दूसरी दिशा में चला गया। इधर, बारात लड़की पक्ष के घर पहुंच गई, लेकिन दूल्हे के नहीं आने से वहां अफरातफरी मच गई। 

शादी के लिए भव्य पंडाल सजाया गया था। नाश्ते और भोजन की व्यवस्था के साथ दहेज में मांगा गया सामान भी दिया गया था। ऐसे में दूल्हे के गायब होने से लड़की पक्ष के लोग आक्रोशित हो उठे।

पुलिस के हस्तक्षेप से मुक्त हुए बाराती 

घटना की सूचना पर महागामा पुलिस मौके पर पहुंची और वर पक्ष के लोगों को थाने ले गई। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक मान-मनौव्वल और बातचीत हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने बताया कि आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है।

यह भी पढ़ें- गोड्डा में ब्रेन मलेरिया का कहर: एक ही परिवार के 6 लोग अस्पताल में भर्ती, 12 साल की बच्ची की हालत नाजुक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।