गोड्डा में पुरानी रंजिश में फायरिंग, सुबोध महतो के माथे पर लगा छर्रा; देसी कट्टा बरामद
गोड्डा के पोड़ैयाहाट में पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट और फायरिंग में सुबोध महतो घायल हो गए। पुलिस ने ...और पढ़ें

जानलेवा हमले के बाद घटनास्थल पर जांच करती पुलिस। (फोटो जागरण)
HighLights
पोड़ैयाहाट में पुराने विवाद को लेकर हुई फायरिंग।
सुबोध महतो के माथे पर छर्रा लगने से घायल।
पुलिस ने देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया।
संवाद सहयोगी, पोड़ैयाहाट (गोड्डा)। झारखंड के गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के चतरा मोड़ पर शुक्रवार देर रात करीब नौ बजे पुराने विवाद को लेकर मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना में सुबोध महतो (45) घायल हो गए।
आरोप है कि चतरा गांव निवासी चंदन यादव ने सुबोध महतो को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। हालांकि, निशाना चूक जाने के कारण गोली का छर्रा सुबोध महतो के माथे पर लगा, जिससे वह घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पोड़ैयाहाट पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक फायर किया हुआ खोखा, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुराने विवाद में शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, चतरा गांव निवासी चंदन यादव (37), अपने पुत्र मनीष यादव (18) के साथ चतरा मोड़ पर चाय की दुकान चलाता है। वहीं, पास में ही गांव के सुबोध महतो की चाय-बिस्कुट की दुकान है।
बताया जाता है कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई। इस दौरान सुबोध महतो के माथे पर चोट लगी है।
वहीं, चंदन यादव की पत्नी के माथे पर भी चोट लगने की सूचना है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दुकान से खोखा, कुएं से देसी कट्टा और कारतूस बरामद
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महावीर पंडित पुलिस बल के साथ रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन के दौरान चंदन यादव की निशानदेही पर उसकी दुकान से फायरिंग में इस्तेमाल किया गया एक खोखा बरामद किया।
इसके अलावा, उसके घर के पीछे स्थित कच्चे कुएं के पानी में छिपाकर रखा गया एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। हथियार और कारतूस की बरामदगी के बाद पुलिस घटना में उनकी भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
दोनों पक्षों के बीच पहले भी हुआ था विवाद
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच करीब एक महीने पहले भी मारपीट हुई थी। पुलिस इस बार हुई घटना को पुराने विवाद से जोड़कर देख रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना के वास्तविक कारणों और फायरिंग में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
चंदन यादव और उसके पुत्र पर होगी कानूनी कार्रवाई
थाना प्रभारी महावीर पंडित ने बताया कि सुबोध महतो के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मामले में चंदन यादव और उसके पुत्र मनीष यादव के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। चतरा मोड़ पर पुराने विवाद के बाद फायरिंग और हथियारों की बरामदगी से इलाके में घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।
पहले भी गोलीकांड से दहल चुका है चतरा
चतरा गांव में पहले भी गोलीबारी की गंभीर घटना हो चुकी है। दो वर्ष पूर्व उत्क्रमित उच्च विद्यालय, चतरा में हुई गोलीबारी में दो शिक्षक और एक शिक्षिका की मौत हो गई थी। ऐसे में दुकानदारी के विवाद में दोबारा फायरिंग की घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
