गोड्डा में यूपी के बागपत निवासी से मारपीट, 2700 रुपये और मोबाइल छीना
गोड्डा के प्राइवेट बस स्टैंड पर देर रात सो रहे उत्तर प्रदेश के एक युवक नुरसहन से मारपीट कर 2,700 रुपये और मोबाइल छीन लिए गए।

उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी नूरसहन। (फोटो जागरण)
HighLights
गोड्डा बस स्टैंड पर यूपी के युवक से लूट।
नुरसहन से 2,700 रुपये और मोबाइल छीने गए।
बस स्टैंड सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल।
संवाददाता, गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले के नगर थाना क्षेत्र के प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में उत्तर प्रदेश के एक युवक नुरसहन के साथ मारपीट कर करीब 2,700 रुपये और मोबाइल आदि छीन लिए गए। घटना देर रात करीब दो से तीन बजे की है। उस समय युवक प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में सो रहा था।
जानकारी के अनुसार, युवक को हिरणपुर जाना था, जहां उसका ससुराल है। देर रात होने के कारण वह बस स्टैंड परिसर में ही रुक गया, ताकि सुबह पाकुड़ जाने वाली गाड़ी पकड़कर हिरणपुर जा सके।
इसी बीच देर रात दो बाइक सवार युवकों ने उसे सोते समय उठाकर मारपीट की और उसकी जेब में रखे पर्स से करीब 2,700 रुपये तथा मोबाइल आदि छीन लिए। इस घटना के कारण युवक अगले दिन भी हिरणपुर नहीं जा सका।
युवक ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के बागपत का रहने वाला है। वह अपने ससुराल में पत्नी और बच्चों से मिलने आया था।
लेकिन देर रात असामाजिक तत्वों ने उसके साथ छिनतई की घटना को अंजाम दिया और मारपीट भी की। इसके बाद वह इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल गया। उसके कंधे पर लोहे की रॉड से वार किया गया था।
यह घटना निश्चित रूप से पुलिस प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। देर रात कई लोग बसों से उतरते हैं या बस पकड़ने के लिए बस स्टैंड पहुंचते हैं। ऐसे में असामाजिक तत्वों द्वारा छिनतई की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल पैदा हो सकता है।
बस स्टैंड के दुकानदारों ने बताया कि रात में यहां रुकना खतरे से खाली नहीं है। कई बसों के पार्ट्स आदि खोल लिए गए हैं। कई दुकानों से सामान भी चोरी कर लिए गए हैं।
उनका कहना है कि नशे के आदी युवा इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इस पर रोक लगाने की आवश्यकता है।
पुलिस की गश्ती टीम को इस मामले में गंभीरता से काम करने की जरूरत है, ताकि देर रात भी लोग बेखौफ होकर सड़कों पर चल सकें।
यह भी पढ़ें- महागामा में 307 करोड़ से बन रहा 300 बेड का सुपरस्पेशलिटी अस्पताल, 2027 तक होगा तैयार
यह भी पढ़ें- इंस्टाग्राम की दोस्ती, यूपी से गोड्डा पहुंची नाबालिग; 48 घंटे से शाहरूख की तलाश, पिता हिरासत में
