भाजपा अध्यक्ष के पुत्र पर यौन शोषण को लेकर प्राथमिकी आज
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी के पुत्र मुन्ना मरांडी पर शुक्रवार को यौन शोषण की प्राथमिकी दर्ज होगी।
जासं, गोड्डा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी के पुत्र मुन्ना मरांडी पर शुक्रवार को यौन शोषण की प्राथमिकी दर्ज होगी। पीडि़ता ने जो परिवाद पत्र मुन्ना के खिलाफ दायर किया था, वह पुलिस को मिल चुका है। इसके बाद पीसीआर (पब्लिक कंप्लेन रिपोर्ट) की कॉपी बोआरीजोर थाना को भेज दी गई। गुरुवार को बोआरीजोर थाना प्रभारी योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि कॉपी मिल गई है।
बता दें कि बोआरीजोर थाना क्षेत्र की ही 10वीं की छात्रा ने मुन्ना मरांडी पर शादी का प्रलोभन देकर दो साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। 27 जून को मुन्ना की शादी के दो दिन पूर्व ही यह मामला प्रकाश में आया था। इसके बाद से सियासत गर्म है। विपक्ष लगातार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पर हमला कर रहा है। कांड अंकित होने के बाद पुलिस जांच शुरू हो जाएगी।
दूसरी ओर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ताला मरांडी का कहना है कि उनके खिलाफ विपक्ष साजिश कर रहा है। उन्हें जान-बूझकर फंसाया जा रहा है।