विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में अंगिका भाषा को सरकारी मान्यता दिलाने की मांग, सुनवाई नहीं होने पर अलग प्रदेश की आवाज होगी बुलंद 

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:40 PM (IST)

गोड्डा में अंग मुक्तिदल द्वारा आयोजित अंग महासमागम में अंगिका भाषा को सरकारी मान्यता और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल करने की मांग उठी। 

महासमागम में मौजूद नेता। फोटो जागरण

महासमागम में मौजूद नेता। फोटो जागरण

HighLights

  1. अंगिका भाषा को सरकारी मान्यता दिलाने की प्रमुख मांग।

  2. प्रतियोगी परीक्षाओं में अंगिका को शामिल करने पर जोर।

  3. मांगें न मानने पर अलग अंग प्रदेश बनाने की चेतावनी।

संवाद सहयोगी, गोड्डा। अंग की अस्मिता, अधिकार और मातृभाषा के सम्मान को लेकर गोड्डा में आवाज बुलंद हुई। अंग मुक्तिदल की ओर से जिला मुख्यालय के भतडीहा स्थित नगर भवन में आयोजित अंग महासमागम में अंगिका भाषा को सरकारी मान्यता दिलाने से लेकर अंग प्रदेश के गठन तक की मांग उठी।

वक्ताओं ने कहा कि भाषा और संस्कृति की उपेक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास में बाधक है। सरकार ने अंगिका को उचित सम्मान नहीं दिया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। महासमागम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश कुमार प्रियदर्शी ने की।

पूर्व उपायुक्त श्रीराम दुबे, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक प्राणधन चौधरी, कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. देव ज्योति मुखर्जी, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष गीता मिश्रा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। संचालन ओम प्रकाश मंडल, डॉ. राधेश्याम चौधरी और डॉ. मनोज राही ने किया।

प्रियदर्शी ने कहा कि संतालपरगना और भागलपुर क्षेत्र के अधिकतर लोगों की मातृभाषा अंगिका है, लेकिन सरकार इसके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।

प्रतियोगी परीक्षाओं में अंगिका को शामिल कराना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि युवाओं को सरकारी नौकरियों में अपनी भाषा के माध्यम से अवसर मिल सके। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अगला महासमागम गंगापार में आयोजित होगा। राज्य और केंद्र सरकार ने अंगिका के लिए ठोस पहल नहीं की तो संतालपरगना, भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर अंग प्रदेश बनाने की मांग उठाई जाएगी।

पूर्व उपायुक्त श्रीराम दुबे ने कहा कि मातृभाषा को उचित स्थान दिए बिना विकास की कल्पना अधूरी है। अंगिका का सम्मान करना सभी का दायित्व है। डॉ. राधेश्याम चौधरी ने अंगिका को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने और अंग प्रदेश के गठन की मांग की।

कृषि से स्वास्थ्य तक विकास की चिंता

महासमागम में केवल भाषा और पहचान ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। ई. कुणाल प्रसाद ने प्राकृतिक खेती और बेहतर सिंचाई व्यवस्था पर जोर दिया।

डॉ. अशोक कुमार ने युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि काम का बढ़ता दबाव डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और हृदय रोगों का खतरा बढ़ा रहा है।

डॉ. सुधि वत्स ने पेड़ों की कटाई, तालाबों की घटती संख्या, गिरते भूजल स्तर और प्लास्टिक कचरे पर चिंता जताई। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए समय रहते जागरूक होने की अपील की। शिक्षक माधव चंद्र चौधरी ने सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बच्चों को संस्कारवान बनाने पर जोर दिया।

पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को मिले बढ़ावा

डॉ. कयूम अंसारी ने कहा कि अंग क्षेत्र में पर्यटन के माध्यम से रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। मलूटी, मसानजोर, श्रावणी मेला, देवघर, मंदार पर्वत, चंडी स्थान और मुंगेर जैसे स्थलों को बेहतर पर्यटन सुविधाओं से जोड़ा जाना चाहिए।

डॉ. प्रदीप प्रभात ने अंग क्षेत्र के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर चर्चा करते हुए लोगों से अपनी भाषा और पहचान के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के बाद अंगिका भाषियों में उपेक्षा की भावना बढ़ी है। कार्यक्रम के अंत में पूर्व नगर अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

18 जिलों से आए प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। महिला प्रतिनिधियों को गीता मिश्रा ने चुनरी भेंट की।

मौके पर स्वतंत्रता सेनानी नंदकिशोर मांझी, जवाहरलाल यादव, प्रलय सिंह, निखिल कुमार झा, राजेश साह, डॉ. ब्रह्मदेव कुमार, डॉ. शाहिन खां और इकरारुल हसन आलम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बनाया।

यह भी पढ़ें- सरायकेला-चाइबासा हाइवे पर हादसा: तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार सेवानिवृत्त शिक्षक को रौंदा, मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।