सरायकेला-चाइबासा हाइवे पर हादसा: तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार सेवानिवृत्त शिक्षक को रौंदा, मौत
सरायकेला-चाइबासा हाइवे पर एक सड़क दुर्घटना में सेवानिवृत्त शिक्षक प्रदीप कुमार आचार्या की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारी, जिसके बाद चालक फरार हो गया।

तेज गति से दौड़ रही कार ने रिटायर शिक्षक को सरायकेला चाइबासा स्टेट हाइवे स्थित हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास जोरदार टक्कर मार दी।
HighLights
सेवानिवृत्त शिक्षक प्रदीप कुमार आचार्या की सड़क हादसे में मौत।
सरायकेला-चाइबासा हाइवे पर तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर।
कार चालक फरार, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत हंसाउड़ी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक प्रदीप कुमार आचार्या की रविवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, वे स्कूटी से घर से निकले थे। इसी दौरान सरायकेला-चाइबासा स्टेट हाइवे पर हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायल प्रदीप कुमार आचार्या को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रदीप कुमार आचार्या सेवानिवृत्त शिक्षक होने के साथ-साथ सामाजिक रूप से भी सक्रिय थे और नगर पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुके थे। उनके निधन की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस फरार कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।
स्थानीय लोगों व परिजनों ने दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, न्याय और हाइवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।