लड़की के मायके से नहीं आए पांच लाख तो ससुरालवालों ने कर दी हत्या, शव को चुपके से ले गए श्मशान घाट, तभी...
ससुरालवालों ने पहले निक्की की हत्या की और फिर उसके शव को जलाने के लिए श्मशान घाट ले गए ताकि कोई सबूत न बचे। जब तक पुलिस पहुंची तब तक बॉडी 90 फीसदी तक जल चुकी थी। पांच लाख रुपये का लगातार कर रहे थे डिमांड।
संवाद सहयोगी, सरिया (गिरिडीह)। सरिया थाना क्षेत्र के सिमराबेड़ा में विवाहिता निक्की की हत्या कर उसका शव जला देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज नहीं देने और बच्चा नहीं होने पर ससुराल वालों ने हत्या कर शव जला दिया। मंगलवार शाम को पुलिस को सूचना मिली तो श्मशान घाट पहुंची। तब तक शव 90 प्रतिशत जल चुका था।
तीन साल पहले हुई थी निक्की की शादी
पुलिस ने वहां से एक कुल्हाड़ी भी जब्त की है। मृतका के भाई ने पूरी घटना की लिखित जानकारी सरिया थाना पुलिस को दी है। राजधनवार के सलैया गांव निवासी अमन कुमार ने बताया कि उसकी बहन 26 वर्षीय निक्की कुमारी की शादी सरिया थाना क्षेत्र के सिमराबेड़ा निवासी सूरज कुमार के साथ हुई थी।
बच्चा नहीं हुआ तो निक्की का जीना किया मुश्किल
शादी के तीन वर्ष बाद कोई बच्चा बहन को नहीं होने के बाद उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। दहेज के रूप में पांच लाख रुपये की मांग ससुराल वाले कर रहे थे। मांग पूरी नहीं करने पर बहन को और प्रताड़ित किया जाने लगा।
हत्या कर शव को श्मशान घाट ले जाकर जला दिया
निक्की के पति ने दूसरी शादी भी रचा ली। इसके बाद भी प्रताड़ना जारी रहा। मंगलवार को बहन के ससुराल के पड़ोसियों से बहन की मौत की सूचना मिली। सरिया थाना के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। तब तक बहन के शव का अधिकतर भाग जल चुका था। हत्या का साक्ष्य छुपाने के लिए शव को जलाया जा रहा था। बहन की हत्या का आरोप पति सूरज कुमार, ससुर, सास, ननद पर लगाया गया है।
निक्की के ससुरालवाले हुए फरार
घटना के बाद ससुरालवाले फरार हैं।पुलिस फरार ससुराल वालों को ढूंढ रही है। सरिया थाना प्रभारी ने कहा कि घटना को लेकर आवेदन मिला है। मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपित लोगों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है।