गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा: पिकअप की टक्कर से दो छात्रों की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य मार्ग पर सिहोडीह आम बगान के पास पिकअप और बाइक की सीधी टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई।

गिरिडीह सदर अस्पताल में जुटे लोग और घटना की जानकारी लेती पुलिस। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य मार्ग पर सिहोडीह आम बगान के समीप पिकअप व बाइक की सीधी टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक की माैत घटनास्थल पर हो गई तो दूसरे की धनबाद ले जाने के दाैरान रास्ते में।
मृतकों में करीब 20 वर्षीय विकास यादव हीरोडीह थाना क्षेत्र के चुंगलखार गांव निवासी चोबा यादव का पुत्र था जबकि करीब 22 वर्षीय शशिकांत वर्मा सरिया का रहने वाला था।
मालवाहक पिकअप इतनी तेज रफ्तार में था कि उसकी टक्कर से विकास की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि शशिकांत गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल शशिकांत को आनन-फानन में बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।
इसी बीच धनबाद ले जाने के क्रम में उसने रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया जिसकी मौत की पुष्टि धनबाद के एक निजी अस्पताल में ले जाने पर जांचोपरांत चिकित्सकों ने की। घटना को अंजाम देने वाला मालवाहक पिकअप को कुछ दूरी पर छोड़कर चालक फरार हो गया।
वहीं पुलिस ने पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले ली है। इधर पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विकास के शव को पोस्टमार्टम कराते हुए अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया है जबकि शशिकांत के शव को देर शाम को धनबाद से वापस लेकर स्वजन गिरिडीह लौटे।
बताया जाता है कि दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। दोनों युवक गिरिडीह में ही पढ़ाई करते थे। दोनों एक बाइक पर सवार होकर गिरिडीह कालेज की ओर से शहर की ओर आ रहे थे जबकि मालवाहक पिकअप शहर की ओर से बेंगाबाद की ओर जा रहा था।
इसी क्रम में आम बगान के पास पिकअप वाहन चालक ने तेज गति में रहने के कारण नियंत्रण खोते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया जिससे युवकों की मौत हो गई। युवकों की मौत से स्वजनों का रोकर बुरा हाल है और महिलाओं समेत स्वजनों के क्रंदन से सदर अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन बना रहा।
