दुर्गा पूजा से पहले हेमंत सरकार का महिलाओं को तोहफा, गिरिडीह की 4.56 लाख मंईयां के खाते में पहुंचे ₹2500
Maiyan Samman Yojana: गिरिडीह जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत सितंबर माह की राशि 4.56 लाख से अधिक महिला लाभुकों के खाते में सीधे हस्तांतरित की गई है।

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। Jharkhand Maiya Samman Yojana: दुर्गा पूजा से पहले झारखंड सरकार ने लाखों महिलाओं को तोहफा दिया है। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत गिरिडीह जिले की कुल 4,56,038 महिला लाभुकों को सितंबर महीना की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। लाभुकों के बैंक खाते प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि हस्तांतरित की गई है।
योजना के तहत प्रत्येक लाभुक को 2,500 की दर से कुल 1,14,00,95,000 (114 करोड़ से अधिक) रुपये का भुगतान किया गया। राज्य सरकार की इस कल्याणकारी पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनकी वित्तीय आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना तथा परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में सहयोग प्रदान करना है।
योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति और सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
जिले के विभिन्न प्रखंडों व शहरी निकायों में बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना का लाभ प्राप्त हुआ है। भुगतान प्रक्रिया को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से संचालित करने से सम्मान राशि सीधे लाभुकों के बैंक खाते में पहुंचाई जा रही है।
