गिरिडीह में जमीन विवाद पर अनोखा प्रदर्शन, दलित युवक ने जूते-चप्पलों की माला पहनकर मांगा न्याय
Shoe Garland Protest: गिरिडीह के गावां थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक दलित युवक कुलदीप तुरी ने जूते-चप्पलों की माला पहनकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
HighLights
गिरिडीह में दलित युवक ने जमीन विवाद पर अनोखा विरोध किया।
कुलदीप तुरी ने जूते-चप्पलों की माला पहनकर धरना दिया।
प्रशासनिक कार्रवाई न होने पर न्याय की मांग की जा रही है।
संवाद सूत्र, गांवा (गिरिडीह)। देशभर में इन दिनों विरोध करने के लिए लोग तरह-तरह के अनूठे करतब कर रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर काकरोच जनता पार्टी ने गुरुवार को बेंगलुरु में चप्पल प्रोटेस्ट की घोषणा की, तो झारखंड के गिरिडीह जिले में अनूठा चप्पल माला प्रोटेस्ट देखने को मिला है।
गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के हिराहरी में जमीन विवाद को लेकर एक दलित परिवार पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहा है।
प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए परिवार के युवक कुलदीप तुरी ने गुरुवार को अनोखे तरीके से विरोध जताया। वह जूते-चप्पलों की माला पहनकर गावां थाना के सामने धरने पर बैठ गया और न्याय की मांग की।
एक महीने पहले मारपीट का आरोप
बिशनीटीकर निवासी कुलदीप तुरी ने बताया कि हिराहरी में उनके परिवार की पुश्तैनी जमीन है। जमीन की अमीन से मापी भी कराई गई थी।
पिछले करीब तीन वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। लगभग डेढ़ वर्ष तक मामला अनुमंडल स्तर पर चला, जिसके बाद सीओ द्वारा विपक्षी के पक्ष में डिग्री दिए जाने की बात कही गई।
कुलदीप का आरोप है कि इसके बाद विपक्षी पक्ष जमीन पर हल चलाने लगा। विरोध करने पर करीब एक माह पूर्व लाठी-डंडे से उनके परिवार के साथ मारपीट की गई।
मामले को लेकर गावां थाना में आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने डीसी कार्यालय के समक्ष 13 दिनों तक धरना दिया।
उन्होंने बताया कि इस दौरान जिला परिषद सदस्य इमरान अंसारी, गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार सहित अन्य लोगों के हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया, लेकिन इसके बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
न्याय के लिए पहले अर्धनग्न होकर किया विरोध
कुलदीप ने कहा कि न्याय की मांग को लेकर इससे पहले वह अर्धनग्न होकर शरीर पर पोस्टर चिपकाकर गावां बाजार में घूमकर विरोध जता चुका है। अब जूट की चप्पलों की माला पहनकर थाना के सामने धरना दे रहा है।
उसका आरोप है कि पैसे के बल पर उसकी जमीन छीनी जा रही है और अधिकारी उसकी शिकायत नहीं सुन रहे हैं। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- JSSC-CGL पेपर लीक: मास्टरमाइंड के साले की गिरफ्तारी को CID की गिरिडीह में दबिश, घर पर चिपकाया इश्तेहार
यह भी पढ़ें- हेमंत सोरेन के सामने भाजपा की लगातार हार, नई टीम के सामने Giridih By-Election खुद को साबित करने का बड़ा अवसर
