विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरिडीह में अंधविश्वास पर बवाल! महिला को डायन बताने वाले भगत को जूते-चप्पल की माला पहनाई, पुलिस ने छुड़ाया

Published: Sat, 10 Oct 2026 09:01 PM (IST)

Giridih Bhagat Beatenझारखंड के गिरिडीह में एक महिला पर डायन होने का आरोप लगाने वाले भगत को उसके मायके वालों ने जूते-चप्पल की माला पहनाकर पीटा।

चप्पल-जूतों की माला पहने भगत धनेश्वर चौधरी। (फोटो सौजन्य)

चप्पल-जूतों की माला पहने भगत धनेश्वर चौधरी। (फोटो सौजन्य)

HighLights

  1. गावां में महिला पर डायन आरोप लगाने का मामला।

  2. भगत को जूते-चप्पल की माला पहनाकर पीटा गया।

  3. पुलिस ने भगत को ग्रामीणों से छुड़ाकर थाने ले गई।

संवाद सूत्र, गांवा (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के मंझने नावाडीह गांव में एक महिला पर डायन होने का आरोप लगाने को लेकर विवाद सामने आया है। महिला के मायके वालों ने चिहुंटिया निवासी तथाकथित भगत (ओझा) धनेश्वर चौधरी को जूते-चप्पल की माला पहनाकर पिटाई कर दी।

इस दौरान उससे माफी मंगवाते हुए भविष्य में किसी पर भी डायन होने का आरोप नहीं लगाने की चेतावनी दी गई। घटना का वीडियो भी बनाया गया है, जो सामने आया है। इसके बाद सूचना पर पुलिस पहुंची व भगत को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर उठाकर थाना ले आई है।

जानकारी के अनुसार, मंझने नावाडीह निवासी सुरेश यादव की करीब डेढ़ वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके लगभग एक वर्ष बाद उनकी मां की भी स्वाभाविक मौत हो गई।

लगातार दो मौतों के बाद गांव के कुछ लोग कथित तौर पर चिहुंटिया निवासी भगत के पास पहुंचे और अप्रिय घटनाओं के कारणों के बारे में पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान भगत ने बिशनीटीकर की एक महिला को डायन बता दिया और घटनाओं के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया।

महिला पर डायन होने का आरोप लगाए जाने की जानकारी उसके मायके वालों को मिली तो वे भगत के पास पहुंचे और उससे पूछताछ की। आरोप है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने भगत को जूते-चप्पल की माला पहनाई और उसकी पिटाई कर दी। साथ ही भविष्य में किसी भी व्यक्ति पर डायन होने का आरोप नहीं लगाने की कड़ी चेतावनी दी।

वीडियो में गलती स्वीकारते दिख रहा भगत

घटना के वायरल वीडियो में संबंधित व्यक्ति कान पकड़कर अपनी गलती स्वीकार करता और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात कहता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह ओझा-गुणी के नाम पर किसी के खिलाफ गलत आरोप नहीं लगाने की बात भी बार-बार कहता नजर आ रहा है।

डायन-बिसाही के नाम पर किसी महिला को प्रताड़ित करना सामाजिक रूप से गंभीर मामला है। हालांकि, इस घटना में मारपीट किए जाने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है परंतु पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए उक्त भगत को थाना ले आई थी।

इधर थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने कहा कि सूचना पर पुलिस गई थी व भगत को थाना लाई थी। पूछताछ कर छोड़ दिया गया था। उक्त मामले में रविवार को दोनों पक्ष के लोगों को थाना बुलाया गया है।

यह भी पढ़ें- गिरिडीह में जमीन विवाद पर अनोखा प्रदर्शन, दलित युवक ने जूते-चप्पलों की माला पहनकर मांगा न्याय

यह भी पढ़ें- दुर्गा पूजा से पहले हेमंत सरकार का महिलाओं को तोहफा, गिरिडीह की 4.56 लाख मंईयां के खाते में पहुंचे ₹2500