गिरिडीह में बकरा चोरी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट, कई घायल
झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां बाजार में महानवमी के दिन बकरे की चोरी के विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई, जिसमें कई लोग घायल हुए।

HighLights
गावां में बकरा चोरी के विवाद पर हिंसक झड़प।
दोनों पक्षों से कई लोग घायल, पप्पू माली गंभीर।
घायलों को धनबाद रेफर, पुलिस में शिकायत दर्ज।
संवाद सहयोगी, गावां (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां बाजार में महानवमी के दिन दोपहर करीब 1:15 बजे दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बकरे की चोरी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से रॉड, झंझरा, लाठी-डंडे चले। मारपीट में एक पक्ष से सुनील माली, पप्पू माली और उसका बेटा, जबकि दूसरे पक्ष से संतोष स्वर्णकार, रामछबीला स्वर्णकार, मंटू स्वर्णकार और उनके परिवार के अन्य सदस्य शामिल थे।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि विवाद की शुरुआत एक बकरे के गायब होने से हुई। गावां निवासी पप्पू माली बकरे के मांस का कारोबार करते हैं। वहीं, गावां निवासी मंटू स्वर्णकार, रामछबीला स्वर्णकार और संतोष स्वर्णकार बर्तन व बक्से की दुकान चलाते हैं।
बताया जाता है कि मंटू स्वर्णकार का एक बकरा गायब हो गया था। इसी बात को लेकर वह पप्पू माली के पास पहुंचा। उस समय पप्पू माली ग्राहकों को मांस बेच रहे थे।
आरोप है कि मंटू स्वर्णकार ने ग्राहकों के सामने पप्पू माली के साथ गाली-गलौज की और उन पर उसका बकरा चुराकर बेचने का आरोप लगाया। हालांकि, पप्पू माली ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने किसी का बकरा नहीं चुराया है। बाद में मंटू स्वर्णकार का बकरा मिल गया।
बताया जाता है कि ग्राहकों के सामने हुई बेइज्जती से आहत पप्पू माली, सुनील माली के साथ मंटू स्वर्णकार की दुकान पर पहुंचे। वहां सुबह हुई घटना को लेकर मंटू स्वर्णकार के भाई से बातचीत हो रही थी। इसी दौरान सुनील माली और रामछबीला स्वर्णकार के बीच मारपीट शुरू हो गई।
इसके बाद स्वर्णकार परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी गई। उनके पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच देखते ही देखते हिंसक झड़प शुरू हो गई। इस घटना में पप्पू माली और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष से संतोष स्वर्णकार समेत कुछ अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है। घटना को लेकर गावां थाना में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है।
