गिरिडीह में बड़ा हादसा, गैस सिलेंडर फटने से चाची-भतीजी की मौत; गांव में पसरा मातम
Giridih Gas Cylinder Blast: गिरिडीह के मनगसो गांव में प्रसाद बनाते समय पांच किलो के गैस सिलेंडर में आग लगने ...और पढ़ें

Giridih Gas Cylinder Blast: गैस सिलेंडर में आग लगने से दौ की मौत। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
धनवार में 5 किलो गैस सिलेंडर में विस्फोट।
चाची कविता देवी और भतीजी शीतल की मौत।
दुर्गापूजा की तैयारी के दौरान हुआ हादसा।
संवाद सहयोगी, धनवार, गिरिडीह। Giridih Gas Cylinder Blast: झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड की जरीसिंगा पंचायत अंतर्गत मनगसो गांव में रविवार शाम करीब छह बजे पांच किलो के गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से चाची-भतीजी की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान वैद्यनाथ विश्वकर्मा की 26 वर्षीय पत्नी कविता देवी और उनके देवर गुड्डू राणा की पांच वर्षीय पुत्री शीतल कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में अफरा तफरी मच गई। दुर्गापूजा की तैयारी में जुटे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
प्रसाद बनाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार कविता देवी दुर्गापूजा को लेकर घर में प्रसाद बना रही थीं। इसी दौरान पांच किलो के गैस सिलेंडर में आग लग गई। घर के आसपास मौजूद लोग आग बुझने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच सिलेंडर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।
विस्फोट की चपेट में आने से कविता देवी और शीतल कुमारी गंभीर रूप से प्रभावित हुईं। बताया जाता है कि विस्फोट के दौरान सिलेंडर दरवाजे की किवाड़ से टकराया, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गईं।
हादसे में पांच वर्षीय शीतल कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल कविता देवी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल धनवार ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।
विस्फोट की आवाज से दहल उठा पूरा गांव
घटना के प्रत्यक्षदर्शी एवं कविता देवी के भैंसुर बिटेश राणा ने बताया कि सिलेंडर में विस्फोट इतना जोरदार था कि उसकी आवाज पूरे गांव में सुनाई दी। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
त्योहार की तैयारी में जुटे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कविता देवी अपने पीछे पति वैद्यनाथ विश्वकर्मा और एक छोटे बच्चे को छोड़ गई हैं। एक ही हादसे में महिला और मासूम बच्ची की मौत से परिवार के साथ साथ पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने ली घटना की जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। बताया गया कि परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
दुर्गापूजा से ठीक पहले हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में पूजा और त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। चाची भतीजी की असामयिक मौत से ग्रामीण भी गमगीन हैं।
