न नल मिला, न पास में हैंडपंप! झारखंड के गढ़वा में पीढ़ियों से कुएं का गंदा पानी पीकर प्यास बुझा रहे हैं ग्रामीण
गढ़वा के डंडई प्रखंड के बालेखाड़ गांव में ग्रामीण स्वच्छ पेयजल से वंचित हैं और दूषित कुएं का पानी पीने ...और पढ़ें

कुएं का गंदा पानी पीकर प्यास बुझा रहे हैं ग्रामीण (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
बालेखाड़ गांव में स्वच्छ पेयजल की सुविधा का अभाव।
ग्रामीण दूषित कुएं के पानी पर निर्भर रहने को मजबूर।
चुनाव के वादे अधूरे, पेयजल समस्या बनी हुई।
जितेंद्र यादव, डंडई (गढ़वा)। डंडई प्रखंड क्षेत्र के बालेखाड़ गांव स्थित गौवा बखरी टोले के दर्जनों गरीब परिवार स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। आज भी यहां के ग्रामीण दूषित कुएं का पानी पीने को मजबूर हैं।
आधुनिक विकास के इस दौर में भी टोले के लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा नसीब नहीं हो पाई है। मंगलवार को टोले की जमीनी हकीकत देखने को मिली, जहां ग्रामीण कुएं से पानी खींचते नजर आए।
ग्रामीण इस कुएं के पानी का इस्तेमाल न केवल घरेलू कार्यों के लिए, बल्कि पीने के लिए भी कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कपड़े साफ करने और मवेशियों को पानी पिलाने के लिए भी इसी कुएं पर निर्भर रहना पड़ता है।
पेयजल की समस्या दूर करने का आश्वासन
पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंताएं होने के बावजूद उनके पास दूसरा कोई बेहतर विकल्प उपलब्ध नहीं है। हैंडपंप काफी दूर होने के कारण वहां से पानी लाना भी ग्रामीणों के लिए मुश्किल है।
ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि जब चुनाव का समय आता है तो जनप्रतिनिधि और विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग गांव पहुंचकर विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं। पेयजल की समस्या दूर करने का आश्वासन भी दिया जाता है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही ये वादे भी मानो गायब हो जाते हैं।
रोजमर्रा की जिंदगी काफी मुश्किल
ग्रामीणों का कहना है कि पानी की समस्या के कारण रोजमर्रा की जिंदगी काफी मुश्किल हो गई है। किसी तरह कुएं से पानी खींचकर घरेलू कार्य करते हैं और मजबूरी में इसी पानी को पीने के लिए भी इस्तेमाल करना पड़ता है। स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से परिवार के लोगों को हमेशा परेशानी बनी रहती है।
अब उम्र ऐसी हो गई है कि दो कदम चलना भी मुश्किल होता है। हैंडपंप काफी दूर है, वहां से रोज पानी लाना हम जैसे बुजुर्गों के लिए बेहद कठिन है। मजबूरी में इसी कुएं का पानी पीना पड़ता है। कपड़े धोने, बर्तन साफ करने और मवेशियों को पानी पिलाने तक के लिए इसी कुएं पर निर्भर रहना पड़ता है। - लक्ष्मणीया देवी,ग्रामीण
वर्षों से टोले में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं हो सकी है। सभी परिवार कुएं के पानी पर निर्भर हैं। इसी पानी से खाना बनाने, कपड़े धोने और अन्य घरेलू कार्यों के साथ पीने की जरूरत भी पूरी करनी पड़ती है। इससे स्वास्थ्य संबंधी चिंता हमेशा बनी रहती है। - अंशु कुमारी,ग्रामीण
बाप-दादा के समय से जिस कुएं का पानी पीते आ रहे हैं, आज भी उसी पर निर्भर हैं। उम्र अधिक होने के कारण दूर स्थित हैंडपंप से पानी लाना संभव नहीं है। चुनाव के समय सब आते हैं, लेकिन बाद में कोई हमारी परेशानी देखने तक नहीं आता। - रघुनाथ सिंह, ग्रामीण
आज भी ग्रामीणों को कुएं का दूषित पानी पीना पड़ रहा है तो यह गंभीर विषय है। ग्रामीण अपनी समस्या के संबंध में लिखित आवेदन दें। आवेदन मिलने पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के माध्यम से टोले में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कराने की दिशा में पहल की जाएगी। हालांकि, इसमें थोड़ा समय लग सकता है। -देवलाल करमाली, प्रखंड विकास पदाधिकारी,डंडई।
यह भी पढ़ें- कंटेनर में गुप्त तहखाना, अंदर से निकला 426 किलो गांजा; गढ़वा में तस्करी के खेल पर चला पुलिस का 'कटर'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।