गढ़वा में बुखार का कहर: 2 सगे भाइयों की मौत, परिवार के 4 अन्य सदस्य अस्पताल में भर्ती
गढ़वा के केतार थाना क्षेत्र में तेज बुखार से दो सगे भाइयों (7 वर्षीय गोलू और 10 वर्षीय सोनू) की मौत हो गई।
-1787397766173_m.webp)
घर लोगों से जानकारी लेते थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी। (जागरण)
HighLights
गढ़वा में तेज बुखार से दो सगे भाइयों की मौत।
परिवार के चार अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से बीमार।
स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिया।
संवाद सूत्र, केतार (गढ़वा)। गढ़वा जिला अंतर्गत केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर गांव के बी मोड़ के समीप निवासी बुद्धि नारायण चेरो के दो पुत्रों की बीमारी से मौत हो गई।
मृतकों में सात वर्षीय गोलू कुमार तथा दस वर्षीय सोनू कुमार शामिल हैं। बताया गया कि दोनों बच्चे पिछले दो दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थे। वहीं, परिवार के चार अन्य सदस्य भी बीमार हैं।
शनिवार को स्वजन दोनों बच्चों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केतार लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक बच्चे की मौत हो गई।
वहीं, दूसरे बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक डॉ. साजिद ने उसे भवनाथपुर स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया। स्वजन उसे लेकर भवनाथपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।
साथ ही उन्होंने तेज बुखार से पीड़ित बुद्धि नारायण चेरो एवं सुशील कुमार को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केतार अस्पताल भेजा।
बताया गया कि बुद्धि नारायण चेरो की पत्नी और बेटी भी बीमारी से ग्रसित हैं। एक ही परिवार में करीब आधा दर्जन लोगों के बीमार होने से चिंता बढ़ गई है।
इधर, मुखिया श्यामसुंदर बैठा ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार का ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। दोनों बच्चों के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया की जा रही थी।
यह भी पढ़ें- गढ़वा में पुलिस टीम पर हमले के मामले में 9 साल बाद बड़ा फैसला, पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर दोनों आरोपी बरी
