विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाईटेक पुलिस के दावों की खुली पोल! गढ़वा में मुखबिर तंत्र फेल होने से चोर बेखौफ, 9 घरों में लाखों की चोरी

Published: Wed, 25 Nov 2026 04:28 PM (IST)

झारखंड पुलिस के तकनीकी दावों के बावजूद गढ़वा में पारंपरिक मुखबिर तंत्र कमजोर होने से चोर बेखौफ हो गए हैं। श्री बंशीधर नगर में पिछले दो-तीन वर्षों से लगातार हो रही बड़ी चोरियों का खुलासा करने में पुलिस विफल रही है, जिससे लोगों में दहशत है।

गढ़वा में मुखबिर तंत्र फेल होने से चोर बेखौफ (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

गढ़वा में मुखबिर तंत्र फेल होने से चोर बेखौफ (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पुलिस का पारंपरिक मुखबिर तंत्र गढ़वा में पूरी तरह ध्वस्त।

  2. श्री बंशीधर नगर में लगातार हो रही चोरियों का खुलासा नहीं।

  3. जमुना ज्वेलर्स चोरी समेत कई मामले दो साल से अनसुलझे।

संवाद सूत्र, श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। झारखंड पुलिस भले ही तकनीक के मामले में हाईटेक होने का दावा कर रही हो, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका पारंपरिक सूचनातंत्र पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रहा है। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी अनुसंधान पर पुलिस की बढ़ती निर्भरता का सीधा फायदा अपराधी उठा रहे हैं। 

स्थिति यह है कि श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में कुछ मामलों को छोड़ पिछले दो-तीन वर्षों से लगातार हो रही बड़ी चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करने में पुलिस पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा और दहशत का माहौल है।

सूचनादाताओं का नेटवर्क पुलिस की सबसे बड़ी ताकत

एक दौर था जब क्षेत्र में उग्रवाद और अपराध चरम पर होने के बावजूद पुलिस अपने मजबूत मुखबिर तंत्र के बूते बड़ी से बड़ी वारदातों की तह तक आसानी से पहुंच जाती थी। 

ग्रामीण इलाकों में सूचनादाताओं का नेटवर्क पुलिस की सबसे बड़ी ताकत हुआ करता था। लेकिन बदलते दौर में पुलिस ने पारंपरिक सूचना तंत्र को दरकिनार कर सारा दारोमदार तकनीकी जांच पर छोड़ दिया है। इसी का नतीजा है कि शातिर चोर बिना किसी खौफ के पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं।

दो साल बाद भी जमुना ज्वेलर्स चोरी कांड का खुलासा नहीं 

पुलिस की लचर कार्यशैली की सबसे बड़ी बानगी शहर के बीचोबीच स्थित यमुना सेठ की ज्वेलर्स दुकान में हुई भीषण चोरी है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हुई इस बड़ी वारदात के दो साल से अधिक बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। न तो चोरों का सुराग मिल सका और न ही चोरी गए जेवरात बरामद हुए।

नौ घरों में लाखों की चोरी से दहशत  

ताजा मामला हाल ही में गत 10, 14 और 15 नवंबर की रात हलिवंता एवं विलासपुर पंचायत के विभिन्न गांवों में हुई चोरी से जुड़ा है। बेखौफ चोरों ने नौ घरों को निशाना बनाकर नकदी समेत लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। 

गत अक्टूबर माह में कोल्हुआ गांव में फोरलेन के निकट दिनदहाड़े बृजलाल पासवान के घर से अपराधियों ने चाकू की नोक पर महिलाओं से करीब 5 लाख का जेवरात लूट कर ले गए, इसका भी खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। लगातार घट रही इन घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्ती और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें- गढ़वा में नेटवर्क और इंटरनेट की खराब स्थिति पर उपायुक्त सख्त, सुधार नहीं तो कंपनियों पर होगी कार्रवाई


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।