गढ़वा के केतार में अब मिलेगा सर्पदंश का इलाज, स्वास्थ्य केंद्र में शुरू हुई एंटीवेनम की सुविधा
केतार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अब सर्पदंश के इलाज के लिए एंटीवेनम इंजेक्शन की सुविधा शुरू हो गई है। इससे ...और पढ़ें

जानकारी देते डॉक्टर सूर्यकांत कुमार। जागरण
HighLights
केतार पीएचसी में एंटीवेनम इंजेक्शन की सुविधा उपलब्ध।
सर्पदंश मरीजों को अब तत्काल उपचार मिलेगा।
संवाद सूत्र, केतार (गढ़वा)। गुमला में लगातार बढ़ रहे सर्पदंश के मामलों ने आम जनता को चिंता में डाल दिया है, जिसे लेकर एक पहल हुई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केतार में सोमवार से सर्पदंश के इलाज के लिए आवश्यक एंटीवेनम इंजेक्शन की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। इस मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. सूर्यकांत कुमार ने बताया कि फिलहाल यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
डॉ. सूर्यकांत ने बताया कि अब तक केतार क्षेत्र में एंटीवेनम उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्पदंश के मरीजों को इलाज के लिए भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या गढ़वा सदर अस्पताल जाना पड़ता था। इससे उपचार में देरी होने के साथ मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि पाचाडुमर स्वास्थ्य केंद्र में एंटीवेनम उपलब्ध होने से अब क्षेत्र के लोगों को समय पर उपचार मिल सकेगा, जिससे गंभीर मामलों में मरीजों की जान बचाने में भी मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय मरीज को बिना देर किए सीधे स्वास्थ्य केंद्र लाएं, ताकि तत्काल चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जा सके। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र में एंटीवेनम की सुविधा शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी राहत बताया।
