झारखंड के सरकारी स्कूलों में 3 महीने लेट होगी अर्द्धवार्षिक परीक्षा, JCERT ने जारी किया नया शेड्यूल
झारखंड के सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षा अब तीन महीने की देरी से दिसंबर में आयोजित होगी।

उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कविसा रमना। जागरण
सत्यप्रकाश रवानी, रमना (गढ़वा)। झारखंड के सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षा निर्धारित समय से करीब तीन महीने विलंब से आयोजित होगी।
सितंबर में प्रस्तावित परीक्षा अब दिसंबर में कराने की तैयारी है। झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जेसीइआरटी), रांची ने 18 नवंबर को इस संबंध में सभी जिलों के शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर परीक्षा कार्यक्रम एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 14 से 16 दिसंबर तक दो पालियों में होगी।
प्रथम पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 12:30 से अपराह्न तीन बजे तक निर्धारित की गई है। कक्षा एक एवं दो की परीक्षा मौखिक, जबकि कक्षा तीन से आठवीं तक की परीक्षा लिखित होगी।
परीक्षा का पैटर्न
निर्देश के अनुसार, कक्षा तीन से पांच तक प्रत्येक विषय 60 अंकों का होगा। वहीं, कक्षा छह से आठ तक गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान में 50 अंक लिखित परीक्षा तथा 10 अंक प्रोजेक्ट कार्य के लिए निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक विषय में 40 अंक आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर दिए जाएंगे।
परीक्षा का मूल्यांकन 18 से 24 दिसंबर तक विद्यालय स्तर पर किया जाएगा। इसके बाद नौ जनवरी 2027 तक परिणाम घोषित करना अनिवार्य होगा।
परिषद ने प्रश्नपत्र एवं उत्तरपुस्तिका की गोपनीयता बनाए रखने तथा परीक्षा का निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
बताया जा रहा है कि परीक्षा कार्यक्रम में हुए बदलाव के बीच अब विद्यालयों के सामने निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा कराने और विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए तैयार करने की चुनौती होगी।
यह भी पढ़ें- रांची हाई कोर्ट में सैप जवानों की नौकरी पर सुनवाई; याचिकाकर्ता ने कहा- जब योजना बढ़ी, तो सेवा अवधि क्यों नहीं?