गढ़वा: 250 रुपये देने की बात कहकर घर से बुलाया, अगले दिन टंकी के गड्ढे में मिला 40 वर्षीय युवक का शव
गढ़वा के रमकंडा में एक युवक का शव पैक्स भवन के शौचालय की टंकी में संदिग्ध हालत में मिला, जिससे ...और पढ़ें

रमकंडा में युवक का शव शौचालय की टंकी में मिला।
HighLights
रमकंडा में युवक का शव शौचालय की टंकी में मिला।
मां ने अवैध बालू ढुलाई के लिए ले जाने का आरोप लगाया।
संवाद सूत्र, रमकंडा (गढ़वा)। गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नवनिर्मित पैक्स भवन के गोदाम के शौचालय की टंकी के गड्ढे से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान भंडरिया प्रखंड मुख्यालय निवासी याकूब लकड़ा के पुत्र प्रदीप लकड़ा(40) के रूप में हुई है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के मां पूनम लकड़ा ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को अवैध बालू ढुलाई के देखरेख के लिए ढाई सौ रुपये देने की बात कहकर ले जाया गया था। हालांकि, युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है।
शुक्रवार की रात घर से निकला, शनिवार को मिला शव
मृतक की मां पूनम लकड़ा ने बताया कि शुक्रवार की रात भंडरिया के कुछ लोग उनके बेटे को लगातार फोन कर बुला रहे थे। आरोप है कि ढाई सौ रुपये देने की बात कहकर उसे अवैध बालू ढुलाई के देखरेख के लिए ले जाया गया था। देर रात तक प्रदीप घर नहीं लौटा तो स्वजन को चिंता होने लगी। शनिवार की सुबह उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। फोन करने वाले लोगों के घर जाकर भी पूछताछ की गई, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली।
इसी बीच इंटरनेट मीडिया पर बैरिया में शव मिलने की तस्वीर वायरल हुई। तस्वीर देखकर स्वजनो ने प्रदीप की पहचान की और घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर प्रदीप की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव पैक्स भवन के शौचालय की टंकी के गड्ढे तक कैसे पहुंचा। घटनास्थल पर पहुंची पत्नी रेशमी मिंज पति का शव देखकर बदहवास हो गईं। गमगीन हो गया।
शव के साथ सड़क पर उतरे स्वजन, चार घंटे जाम रहा चौक
युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अंत्यपरीक्षण के बाद शव के साथ भंडरिया के इंदिरा गांधी चौक को रात करीब आठ बजे जाम कर दिया। स्वजन मामले में उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग कर रहे थे। करीब चार घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित हुआ। शनिवार देर रात करीब एक बजे कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।
अवैध बालू ढुलाई को लेकर फिर उठे सवाल
रमकंडा और भंडरिया क्षेत्र में कनहर नदी से कथित अवैध बालू ढुलाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि शाम होते ही ट्रैक्टरों से बालू की ढुलाई की जाती है। एनजीटी की रोक के बावजूद अवैध बालू कारोबार होने के आरोपों के बीच इस घटना ने क्षेत्र में चर्चा तेज कर दी है।
हालांकि, प्रदीप की मौत और अवैध बालू ढुलाई के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रदीप के स्वजन, भंडरिया निवासी फरहद खान व उसके पुत्र पर हत्या का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना पर रमकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए गढ़वा भेज दिया। अंत्यपरीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रमकंडा थाना प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि रविवार की दोपहर तीन बजे जाने तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदन मिलने के बाद जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को एसडीएम ने मृतक के घर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलने पर रंका एसड़ीएम मो. परवेज ने मृतक के घर पहुंचकर मृतक के पत्नी से घटना की जानकारी ली। इस दौरान पत्नी ने बताया कि शुक्रवार की रात उसे बालू कार्य के लिए ले गया। जिसके बाद उनकी मौत की जानकारी मिली। एसडीएम के मामले में जांच कर करवाई की आश्वासन दिया।
