विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता ने खेतों में किया संघर्ष और बेटे स्वर्ण पदक जीत कर रचा इतिहास, एमानुएल किस्कू ने बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:23 AM (IST)

किसान के बेटे एमानुएल किस्कू ने 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 80 मीटर हर्डल्स में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। आर्थिक अभावों से जूझते हुए भी उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की और अब उनका लक्ष्य ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करना है।

राष्ट्रीय फलक पर अब मलूटी की पहचान सिर्फ मंदिरों के गांव से ही नहीं एथलीट एमानुएल से भी।

राष्ट्रीय फलक पर अब मलूटी की पहचान सिर्फ मंदिरों के गांव से ही नहीं एथलीट एमानुएल से भी।

HighLights

  1. एमानुएल किस्कू ने 80 मीटर हर्डल्स में स्वर्ण पदक जीता।

  2. उन्होंने 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रिकॉर्ड तोड़ा।

  3. किसान के बेटे का सपना अब ओलंपिक में तिरंगा लहराना।

मुकेश कुमार दास, काठीकुंड (दुमका)। खेतों में पसीना बहाने वाले किसान पिता का बेटा आज देश के एथलेटिक्स ट्रैक पर अपनी रफ्तार से पहचान बना रहा है। जिस परिवार के लिए रोजमर्रा की जरूरतों के बीच खेल के महंगे जूते और जरूरी सामग्री जुटाना भी चुनौती थी, उसी परिवार के 15 वर्षीय एमानुएल किस्कू ने अपनी मेहनत से राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ कर स्वर्ण पदक हासिल किया है।

शिकारीपाड़ा प्रखंड के मलूटी पंचायत के चांदपुर गांव की पगडंडियों से शुरू हुआ यह सफर अब अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स के सपनों तक पहुंच चुका है। खास बात यह कि कल तक ऐतिहासिक मंदिरों का गांव मलूटी की पहचान राष्ट्रीय फलक पर थी और अब इसमें एक नया अध्याय किशोर एथलीट एमानुएल ने जोड़ दिया है।

तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित 41 वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा का स्वर्ण जीतकर एमानुएल ने न केवल झारखंड बल्कि पूरे संताल परगना का मान बढ़ाया है। उसकी सफलता पदक जीतने भर की कहानी नहीं, बल्कि अभावों से लड़ कर लक्ष्य हासिल करने, परिवार के भरोसे और निरंतर संघर्ष की मिसाल है।

10.10 सेकेंड में रफ्तार से लिखा इतिहास

23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एमानुएल ने 80 मीटर हर्डल्स के हिट मुकाबले में 10.17 सेकेंड का समय निकाल कर बिहार के रोहित राज के 10.28 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकार्ड को पीछे छोड़ दिया। रोहित ने यह रिकार्ड 11 अक्टूबर 2025 को भुवनेश्वर में आयोजित 40 वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाया था।

इसके बाद एमानुएल ने फाइनल में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। प्रतियोगिता के दूसरे दिन उन्होंने 10.10 सेकेंड का समय निकालकर अपने प्रदर्शन को और बेहतर किया तथा स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इस उपलब्धि के साथ उन्होंने झारखंड को प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण दिलाया। राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण जीतने के बाद एमानुएल का अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करना है। अब उसका सपना ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतना है।

फुटबाल के मैदान से शुरू हुआ सफर

एमानुएल की खेल यात्रा किसी आधुनिक स्टेडियम या बड़े प्रशिक्षण संस्थान से नहीं, बल्कि गांव में बच्चों के साथ फुटबाल खेलने से शुरू हुई। करीब 11 वर्ष की उम्र में उसके बड़े पापा और पूर्व मुखिया जैकब किस्कू ने उसकी प्रतिभा पहचानी और खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

बड़े पापा की प्रेरणा से एमानुएल दुमका में आयोजित आउटडोर ट्रायल में शामिल हुआ। इस दौरान देवघर में पदस्थापित रहे दारोगा मनोज मुर्मू का भी सहयोग मिला। चयन के बाद उनके लिए एथलेटिक्स की दुनिया के दरवाजे खुल गए।

dumka player

चार वर्षों से घर से दूर, अभ्यास ही दिनचर्या

झारखंड सरकार के खेल विभाग की ओर से साहिबगंज के सिदो-कान्हु स्टेडियम स्थित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र में चयन के बाद करीब चार वर्षों से वह वहीं रहकर खेल का प्रशिक्षण ले रहा है।

वर्तमान में प्लस टू इंटर स्कूल साहिबगंज में नौवीं कक्षा का छात्र भी है। कोच योगेश यादव के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर अपनी तकनीक और शारीरिक क्षमता को निखार रहे हैं। पढ़ाई और कठिन खेल अभ्यास के बीच संतुलन बनाना उसकी दिनचर्या का हिस्सा है।

जूते और खेल सामग्री के लिए भी करना पड़ा संघर्ष

एमानुएल की सफलता के पीछे आर्थिक अभावों से जूझने की कहानी भी है। किसान पिता कालेब किस्कू के परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। एथलेटिक्स में अच्छे रनिंग शूज और दूसरी जरूरी खेल सामग्री के बिना बेहतर प्रदर्शन करना मुश्किल होता है।

कई बार प्रशिक्षण के दौरान जरूरत पड़ने पर एमानुएल को घर से पैसे मंगवाने पड़ते थे। इसके बावजूद माता-पिता ने कभी उनके सपनों को आर्थिक तंगी के कारण रुकने नहीं दिया। जरूरत पड़ने पर किसी तरह व्यवस्था कर बेटे को सहयोग दिया।

dumka player1

राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनी तो अब मददगारों की लगी कतार

राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि के बाद अब एमानुएल के लिए मददगारों की कतार लग गई है। बुधवार को दुमका के सांसद नलिन सोरेन और जिला परिषद अध्यक्ष जोयेस बेसरा ने शिवतल्ला स्थित आवास पर एमानुएल को न सिर्फ सम्मानित किया, हरसंभव सहयोग का भी भरोसा दिया है।

शिकारीपाड़ा के विधायक आलोक कुमार सोरेन ने कहा कि चांदपुर गांव के एमानुएल ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और सुविधाएं देने की है। एमानुएल को खेल सामग्री, प्रशिक्षण और अन्य जरूरी संसाधनों के लिए यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के खिलाफ बांबे हाईकोर्ट में सुनवाई, ट्रस्टों ने 30 नवंबर की बोर्ड बैठक टालने की मांग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।