विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के खिलाफ बांबे हाईकोर्ट में सुनवाई, ट्रस्टों ने 30 नवंबर की बोर्ड बैठक टालने की मांग

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:20 AM (IST)

सर दोराबजी व आरडी टाटा ट्रस्ट ने टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी है। ट्रस्टों ने 30 नवंबर की बोर्ड बैठक टालने की मांग की है, जिसमें आर्टिकल 121 के उल्लंघन का मुद्दा उठाया गया।

सर दोराबजी व आरडी टाटा ट्रस्ट ने 30 नवंबर की बोर्ड बैठक टालने की मांग की।

सर दोराबजी व आरडी टाटा ट्रस्ट ने 30 नवंबर की बोर्ड बैठक टालने की मांग की।

HighLights

  1. टाटा ट्रस्ट्स ने चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को हाईकोर्ट में चुनौती दी।

  2. आर्टिकल 121 उल्लंघन और नोएल टाटा की असहमति मुख्य मुद्दे।

  3. ट्रस्टों ने 30 नवंबर की बोर्ड बैठक टालने की मांग की।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बांबे हाईकोर्ट ने शुक्रवार को सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट की याचिका पर सुनवाई की, जिसमें टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की फरवरी 2027 से पांच वर्ष की पुनर्नियुक्ति को चुनौती दी गई है। ट्रस्टों ने 30 नवंबर की बोर्ड बैठक रोकने की मांग की है।

66 प्रतिशत हिस्सेदारी वाले ट्रस्टों के वीटो अधिकार का सवाल

जस्टिस आरआइ चागला व जस्टिस अद्वैत एम. सेठना की पीठ के समक्ष दोराबजी ट्रस्ट की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी (आरडी ट्रस्ट से मुकुल रोहतगी) ने दलील दी कि टाटा संस में 66 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले धर्मार्थ ट्रस्टों के हित आर्टिकल 121 व 104बी से सुरक्षित हैं। 40 प्रतिशत से कम हिस्सेदारी न होने तक ट्रस्ट एक-तिहाई निदेशक नियुक्त कर सकते हैं।

आर्टिकल 121 ट्रस्ट-नामित निदेशकों को वीटो अधिकार देता है, जिसे सुप्रीम कोर्ट 2021 में वैध ठहरा चुका है। 2017 से चेयरमैन चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल पर यह बड़ा कानूनी विवाद है।

नोएल टाटा की असहमति और कास्टिंग वोट पर विवाद

सिंघवी ने बताया कि सर्वसम्मति की जगह संशोधित नियम के तहत अब ट्रस्ट-नामित निदेशकों के बहुमत की पूर्व सहमति अनिवार्य है। छह सदस्यीय बोर्ड में ट्रस्ट के दो निदेशक नोएल टाटा व वेणु श्रीनिवासन हैं। चूंकि नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन का विरोध किया, इसलिए एक निदेशक की सहमति को बहुमत नहीं माना जा सकता।

आरोप है कि टाई न होने के बावजूद 17 सितंबर को हरिशंकर मनवानी के कास्टिंग वोट से फैसला लिया गया, जो अनिवार्य पूर्व सहमति का स्थान नहीं ले सकता।

30 नवंबर को मिनट की पुष्टि रोकने की गुहार

जल्दबाजी व कार्यकाल के सवाल पर सिंघवी ने कहा कि 17 सितंबर के बाद 30 नवंबर को पहली बोर्ड बैठक में विवादित ड्राफ्ट मिनट्स की पुष्टि होनी है, जिस पर ट्रस्टों को कड़ी आपत्ति है। उन्होंने पुष्टि की कि टाटा संस निजी कंपनी है और चंद्रशेखरन अभी चेयरमैन हैं।

उन्होंने प्रतिवादी एक से छह को प्रस्ताव लागू करने से रोकने व बैठक टालने का आग्रह किया। सर्वसम्मति वाले विषयों पर आपत्ति नहीं है, पर आर्टिकल 121 व 104बी की अनदेखी न हो। कोर्ट ने ड्राफ्ट मिनट्स व एजेंडा देखा। सिंघवी ने कहा कि एजेंडा सौंपना ट्रस्टों की सहमति नहीं है। मामले में शनिवार को भी सुनवाई जारी रहेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।