दुमका से लापता महिला और दो बच्चों के मामले का खुलासा, बेटे-भतीजे की हत्या के आरोप में मां गिरफ्तार
Dumka News: एक महिला ने पति के अवैध संबंध और जेठानी को तरजीह मिलने के शक में अपने बेटे और ...और पढ़ें

गिरफ्तार महिला राखी कुमार के साथ दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार और अन्य पुलिस पदाधिकारी।(फोटो जागरण)
HighLights
महिला ने अपने बेटे और भतीजे को कुएं में फेंककर मारा।
पति के अवैध संबंध और जेठानी से थी नाराजगी।
हत्या के बाद खुदकुशी का नाटक कर गुमराह करने की कोशिश।
जागरण संवाददाता, दुमका। ससुराल में विधवा जेठानी को अधिक तवज्जो मिलने और पति के किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध होने के शक में 28 वर्षीय राखी कुमारी ने कथित तौर पर ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं।
आरोप है कि वंश नाश के इरादे से उसने अपने आठ वर्षीय बेटे आरव और 11 वर्षीय भतीजे आयुष को कुएं में फेंककर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी पेड़ से लटककर आत्महत्या का नाटक किया। शुक्रवार को गिरफ्त में आई राखी ने पुलिस के समक्ष अपना दोष स्वीकार कर लिया। नगर थाना पुलिस ने दोनों बच्चों की हत्या के आरोप में उसे जेल भेज दिया।
दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने शुक्रवार की शाम अपने कार्यालय में पीसी कर घटना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला अपने पति विक्रांत कुमार, दो भतीजी, बेटा और एक भतीजे के साथ कार से 19 अक्टूबर को ससुराल पाकुड़ जिला के महेशपुर प्रखंड के बलियाडंगाल से दुर्गा पूजा पर लगा मेला देखने के लिए दुमका आई थी।
कई जगह घूमने के बाद वह नगर थाना के सामने से बेटा और भतीजे के साथ लापता हो गई। पति की शिकायत पर एसआइटी का गठन किया गया। टीम के सदस्यों ने जब सीसीटीवी को खंगालना शुरू किया तो महिला को दोनों बच्चों के साथ टोटो से दुधानी जाते हुए दिखी। यहां से वह किराए पर कार लेकर अपने मायके गोडडा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सलगाटांड गई।
गांव से पहले कार से उतर गई। अकेले दोनों बच्चों को लेकर घर से कुछ दूरी पर बने कुआं के पास ले गई और धक्का दे दिया। अगले दिन महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर गुरुवार को कुआं से दोनों बच्चों का शव बरामद हुआ।
पति के अवैध संबंध व जेठानी से थी नाराज
एसपी ने बताया कि राखी को शक था कि पति का किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध हैं और ससुराल में उसकी बजाय विधवा जेठानी को अधिक तवज्जो दी जाती है। इसके बाद उसने अपने और जेठानी के इकलौते बेटे की हत्या कर वंश समाप्त करने की साजिश रच डाली। छह माह से हत्या की साजिश रच रही थी।
हत्या को दूसरा रूप देना चाहती थी आरोपित
एसपी ने बताया कि महिला एक प्रकार से सनकी हो गई थी। उसने दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद अपनी साड़ी से फांसी लगाने का नाटक किया, ताकि लोग समझें कि किसी और ने उसके साथ दुष्कर्म का दोनों बच्चों की हत्या कर दी है।
अंधविश्वास में हत्या दिखाना चाहती थी
एसपी ने बताया कि महिला ने पूरे घटनाक्रम को अंधविश्वास से जोड़ने का हर संभव नाटक किया। खुद को तांत्रिक तक बता दिया। कहती थी कि उसके पास इतनी शक्ति है कि वह मरे हुए को जिंदा कर सकती है। घर में उसका मौसा भी ओझा का काम करता है। हत्याकांड में केवल महिला का हाथ था, इसलिए उसे जेल भेजा गया है।
