विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुमका में चलती कार पर बाइक सवार अपराधियों ने की फायरिंग, गोली छूकर निकली; पुलिस जांच में जुटी

By Rajeev RanjanEdited By: Nishant Bharti
Published: Tue, 24 Nov 2026 11:37 AM (IST)

दुमका के सरैयाहाट में बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक कार पर तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें टाटा मोटर्स के कर्मी नितेश पाठक बाल-बाल बचे। गोली लगने से कार का शीशा और बॉडी क्षतिग्रस्त हो गई; पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश जारी है।

चलती कार पर बाइक सवार अपराधियों ने की फायरिंग (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

चलती कार पर बाइक सवार अपराधियों ने की फायरिंग (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. सरैयाहाट में कार पर अज्ञात अपराधियों ने की तीन राउंड फायरिंग।

  2. टाटा मोटर्स के कर्मी नितेश पाठक गोली लगने से बचे।

  3. पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद कर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, सरैयाहाट (दुमका)। थाना क्षेत्र के कोठिया-सहारा मुख्य मार्ग पर मोड़ियार गांव के समीप सोमवार की रात बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक कार को निशाना बनाकर करीब तीन राउंड फायरिंग की। 

इस घटना में कार सवार टाटा मोटर्स के कर्मी नितेश पाठक बाल-बाल बच गए। एक गोली उन्हें छूकर निकल गई। वहीं, गोलीबारी में कार का शीशा और बाडी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

अपराधियों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं

जानकारी के अनुसार, नितेश पाठक और पंकज मिश्रा सोमवार की रात देवघर से कार पर सवार होकर आ रहे थे। इसी दौरान कोठिया-सहारा मुख्य मार्ग पर मोड़ियार गांव के समीप बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उनकी कार पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। 

अपराधियों ने करीब तीन राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली नितेश पाठक को छूकर निकल गई। हालांकि, उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। गोली लगने से कार का शीशा और बॉडी भी क्षतिग्रस्त हो गई।

गोली का एक खोखा बरामद 

गोलीबारी की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल नितेश पाठक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। 

घटनास्थल से पुलिस ने गोली का एक खोखा भी बरामद किया है। बताया गया कि नितेश पाठक देवघर स्थित टाटा मोटर्स में ईडीपी पद पर कार्यरत हैं। घटना को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान, गोलीबारी के पीछे की वजह और घटना में प्रयुक्त बाइक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस संबंध में थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि गोलीबारी की घटना हुई है। कार सवार दोनों व्यक्ति देवघर से आ रहे थे। मोड़ियार गांव के समीप बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- दुमका में कोल माइंस को लेकर हिंसक बवाल, कंपनी कर्मियों को बनाया बंधक; पुलिस पर पथराव में 9 जवान घायल


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।