धनबाद में लिंग जांच के बाद कराया असुरक्षित गर्भपात, विवाहिता की मौत; पति और नर्स समेत 4 गिरफ्तार
कतरास के श्यामडीह स्थित संजीवनी अस्पताल में लिंग जांच के बाद असुरक्षित गर्भपात से 24 वर्षीय विवाहिता किरण कुमारी की मौत हो गई है।

विवाहिता किरण कुमारी की हुई मौत। (फाइल फोटो)
HighLights
श्यामडीह में असुरक्षित गर्भपात से विवाहिता की मौत।
लिंग जांच के बाद गर्भपात कराने का आरोप।
पति, नर्स सहित चार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए।
जागरण संवाददाता, कतरास (धनबाद)। कतरास थाना क्षेत्र के श्यामडीह स्थित संजीवनी अस्पताल में लिंग जांच के बाद कराए गए असुरक्षित गर्भपात से एक 24 वर्षीया विवाहिता किरण कुमारी की मौत का मामला प्रकाश में आया है।
इस सनसनीखेज मामले में मृतिका के पिता के लिखित आवेदन पर कतरास थाना में पति, ससुर, सास, जेठ, गोतनी, डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालकों और मेडिकल स्टाफ सहित कई लोगों के विरुद्ध बीएनएस, पीसीपीएनडीटी एक्ट 1994 एवं एमटीपी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर मंडल कारा, धनबाद भेज दिया है।
लिंग जांच के बाद कराया गया था असुरक्षित गर्भपात
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, पेटरवार थाना क्षेत्र के चलकारी बस्ती निवासी सोनू केवट की पत्नी किरण कुमारी (लगभग 24 वर्ष) गर्भवती थीं।
आरोप है कि पति और उनके स्वजनों द्वारा दबाव बनाकर गर्भ में पल रहे बच्चे की लिंग जांच के लिए तैयार किया गया था। इसके लिए पति सोनू केवट ने धनबाद स्थित 'सेंट्रल डायग्नोस्टिक' में लिंग जांच कराई।

जांच में जब यह बात सामने आई कि गर्भ में पल रहा बच्चा लड़की है, तब आरोपियों ने सेंट्रल डायग्नोस्टिक श्यामडीह में एसएनएमएमसीएच धनबाद के लैब टेक्नीशियन नितेश दान और नर्स सुलोचना देवी को बुलाकर जबरन और असुरक्षित गर्भपात कराया।
बिगड़ने लगी हालत, अस्पताल ले जाने पर हुई पुष्टि
गर्भपात के पश्चात जब किरण कुमारी की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, तो आरोपी आनन-फानन में उन्हें संजीवनी अस्पताल, श्यामडीह ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लिया।
इन पर दर्ज हुआ मामला
मृतिका के पिता राजेन्द्र कुमार केवट के लिखित आवेदन के आधार पर कतरास थाना कांड संख्या- 274/2026, दिनांक- 29/10/2026 दर्ज किया गया है।
नामजद अभियुक्तों में मृतिका के पति सोनू केवट, ससुर नेवालाल केवट, सास विलो देवी, बड़ा जेठ सुजन केवट, बड़ी गोतनी भाग्य देवी, मझला जेठ राजेश केवट, गोतनी सुमित्रा देवी, ननद बबिता देवी, सेंट्रल डायग्नोस्टिक के संचालक सचिन केवट, शिवम पाण्डेय, श्रीनाथ, रिलीफ डायग्नोस्टिक के स्टाफ विजय गोस्वामी, डॉ राजीव नयन, एसएनएमएमसीएच के टेक्नीशियन नितेश कुमार दान एवं नर्स सुलोचना कुमारी शामिल हैं।
चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित अनुसंधान शुरू किया और चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों में मृतिका के पति सोनू केवट (उम्र- 33 वर्ष), सेंट्रल डायग्नोस्टिक के संचालक सचिन केवट (उम्र- 26 वर्ष, निवासी- बरवाडीह, प्रधानखंता, तोपचांची), रिलीफ डायग्नोस्टिक के अल्ट्रासाउंड स्टाफ विजय गोस्वामी (उम्र- करीब 33 वर्ष, निवासी- नीलांचल कॉलोनी, सारायढेला) तथा एसएनएमएमसीएच की नर्स सुलोचना देवी (उम्र- 36 वर्ष, निवासी- लुकेया, टुंडी) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि शेष अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।