विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेशी इम्प्लांट्स पर रोक: SNMMCH धनबाद में अब 'मेड इन इंडिया' उपकरणों से होगा मरीजों का इलाज

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:54 PM (GMT+05:30)

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) धनबाद ने आयुष्मान भारत योजना के तहत विदेशी इम्प्लांट्स के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी है, अब चिकित्सकों को 'मेड इन इंडिया' इम्प्लांट्स को प्राथमिकता देनी होगी। 

मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान के तहत ऑपरेशन करते चिकित्सक। (जागरण आर्काइव)

मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान के तहत ऑपरेशन करते चिकित्सक। (जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. विदेशी इम्प्लांट्स के उपयोग पर अस्पताल में पूर्ण प्रतिबंध।

  2. चिकित्सकों को 'मेड इन इंडिया' इम्प्लांट्स को प्राथमिकता देने का निर्देश।

  3. आयुष्मान योजना से एसएनएमएमसीएच झारखंड में दूसरे स्थान पर।

डॉ. मोहन, धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज कराने वाले मरीजों के हित में एक बड़ा और सराहनीय कदम उठाया गया है।

अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के दौरान महंगे विदेशी इम्प्लांट्स के इस्तेमाल पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के बाद अब चिकित्सकों को मरीजों के ऑपरेशन में मेड इन इंडिया (स्वदेशी) इम्प्लांट्स को ही प्राथमिकता देने को कहा गया है।

इस नई व्यवस्था को एसएनएमएमसीएच सहित धनबाद और पूरे झारखंड के सभी मेडिकल कॉलेजों व सदर अस्पतालों में लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हड्डी रोग विभाग में स्वदेशी तकनीक का उपयोग

एसएनएमएमसीएच के हड्डी रोग (आर्थोपेडिक) विभाग में आने वाले मरीजों के इलाज में अब पूरी तरह से देश में निर्मित इम्प्लांट्स का उपयोग शुरू हो गया है।

इसके तहत भारत में बने स्टेंट, प्लेट, राड और अन्य आवश्यक चिकित्सीय उपकरण ही मरीजों को लगाए जा रहे हैं। इस पहल से न केवल चिकित्सा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बल मिल रहा है, बल्कि आम मरीजों को भी सटीक और त्वरित उपचार मिल पा रहा है।

विदेशी इम्प्लांट के लिए मेडिकल बोर्ड की अनुमति अनिवार्य

स्वास्थ्य विभाग ने इस नियम को सख्ती से लागू करने के लिए कड़े प्रावधान किए हैं। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, यदि किसी मरीज की चिकित्सीय स्थिति इतनी जटिल है कि उसे विदेशी इम्प्लांट लगाना ही एकमात्र विकल्प है, तो संबंधित डाक्टर को इसके लिए सक्षम अधिकारी या मेडिकल बोर्ड से पूर्व लिखित अनुमति लेनी होगी।

बिना अनुमति के कोई भी चिकित्सक अपने स्तर पर विदेशी इम्प्लांट का उपयोग नहीं कर सकेगा। यदि कोई डॉक्टर बिना मंजूरी के ऐसा करता पाया जाता है, तो इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता माना जाएगा। इसके लिए संबंधित चिकित्सक की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी हो सकती है।

आयुष्मान इलाज में राज्य में दूसरे स्थान पर पहुंचा एसएनएमएमसीएच

आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को बेहतर सेवा देने के मामले में एसएनएमएमसीएच प्रबंधन ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पूरे झारखंड में आयुष्मान के तहत इलाज करने के मामले में रांची सदर अस्पताल पहले स्थान पर है, जबकि एसएनएमएमसीएच धनबाद ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

आंकड़ों के अनुसार, धनबाद के इस अस्पताल में आयुष्मान योजना के माध्यम से प्रत्येक माह 40 लाख रुपये से अधिक की आय हो रही है।

इसमें अकेले हड्डी रोग विभाग का योगदान सबसे अधिक है, जहां हर महीने करीब 100 ऑपरेशन हो रहे हैं और इससे 13 लाख रुपये से ज्यादा का राजस्व प्राप्त हो रहा है।

वहीं, जनरल सर्जरी विभाग में भी प्रतिमाह 10 से 11 लाख रुपये के ऑपरेशन किए जा रहे हैं। इस अर्जित आय का उपयोग चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों के इंसेंटिव के साथ-साथ अस्पताल के रखरखाव और सुविधाओं के विस्तार में किया जा रहा है।

मरीजों को आर्थिक बोझ से राहत, देश का पैसा देश में

विदेशी इम्प्लांट्स की कीमत काफी अधिक होती है, जो अक्सर आयुष्मान योजना के निर्धारित पैकेज से बाहर चली जाती थी। इससे गरीब मरीजों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता था।

इसके अलावा, विदेशी उपकरणों की सप्लाई में देरी होने के कारण मरीजों को अपनी सर्जरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। अब स्वदेशी इम्प्लांट्स की सहज उपलब्धता से ऑपरेशन में तेजी आएगी, मरीजों का समय बचेगा और देश का पैसा देश में ही रहेगा।

यह भी पढ़ें- स्कूल के दिनों में देखा था विमान उड़ाने का ख्वाब, अब कॉकपिट संभालेंगी धनबाद की देबरूपा; बनीं कमर्शियल पायलट

आयुष्मान भारत के तहत अस्पताल में बड़ी उपलब्धि पाई है। पहले जहां 40 से 50 हजार के आपरेशन हो रहे थे, अब यह 40 लाख प्रतिमाह से ऊपर हो रहे हैं। निर्देशों को बाद विदेशी इम्प्लांट्स के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। इससे स्वदेशी इम्प्लांट्स को बढ़ावा मिलेगा।

-

डॉ. डीके गिंदौरिया, अधीक्षक, एसएनएमएमसीएच।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।