SAIL में समय पूर्व सेवानिवृत्ति के आदेश से अधिकारियों में खलबली, चासनाला वाशरी के GM व DGM को थमाया पत्र
SAIL Collieries Division में चासनाला कोल वाशरी के महाप्रबंधक मोहम्मद अदनान और उपमहाप्रबंधक विशाल कुमार बंसल को समय पूर्व सेवानिवृत्ति का पत्र सौंपा गया है।

SAIL की चासनाला कोल वाशरी। (फाइल फोटो)
HighLights
सेल के दो वरिष्ठ अधिकारियों को समय पूर्व सेवानिवृत्ति पत्र।
चासनाला कोल वाशरी के महाप्रबंधक और उपमहाप्रबंधक प्रभावित हुए।
पहले भी कई अधिकारियों पर हुई थी ऐसी ही कार्रवाई।
संवाद सूत्र, चासनाला (धनबाद)। SAIL Collieries Division में समय पूर्व सेवानिवृत्ति के आदेश ने एक बार फिर अधिकारियों के बीच खलबली मचा दी है। सेल उच्च प्रबंधन ने चासनाला कोल वाशरी के महाप्रबंधक मोहम्मद अदनान व उपमहाप्रबंधक सिविल व टाउन विशाल कुमार बंसल को शुक्रवार की शाम समय पूर्व सेवानिवृत्ति से संबंधित पत्र सौंपा है।
पत्र मिलने के बाद दोनों अधिकारी शनिवार को अपने कार्यस्थल पर नहीं पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही सेल अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। बताया जाता है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भी सेल उच्च प्रबंधन की ओर से अधिकारियों पर इसी तरह की कार्रवाई की गई थी।
12 फरवरी 2025 को सेल जीतपुर कोलियरी के तत्कालीन महाप्रबंधक बादल मंडल, महाप्रबंधक भू-संपदा अरविंद कुमार हेंब्रम, महाप्रबंधक खनन संजय कुमार समेत सेल के करीब दर्जनभर अधिकारियों को समय पूर्व सेवानिवृत्ति का पत्र दिया गया था। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले को लेकर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
यह भी पढ़ें- ट्रेन यात्रियों के लिए जरूरी खबर: 25 से 30 अगस्त तक 17 ट्रेनें चलेंगी लेट, राजधानी-नीलांचल भी शामिल
अब दूसरी बार दो वरिष्ठ अधिकारियों को समय पूर्व सेवानिवृत्ति का पत्र दिए जाने से सेल के अधिकारी सकते में हैं। विभागीय गलियारों में इस बात की चर्चा भी तेज हो गई है कि अगली कार्रवाई किस अधिकारी पर होगी। हालांकि पूरे मामले को लेकर सेल के अधिकारी आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से बच रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Dhanbad Civil Surgeon बनकर WhatsApp से मांगे चार लाख रुपये, पुलिस ने कहा-ऐसे कॉल और मैसेज से रहें सावधान
अधिकारियों की चुप्पी के कारण तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। सेल प्रबंधन की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में भी चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि समय पूर्व सेवानिवृत्ति के आदेश के कारणों को लेकर प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
