विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में आवारा कुत्तों को मिलेगा आशियाना, स्थाई डॉग शेल्टर होम का टेंडर फाइनल

Published: Mon, 02 Nov 2026 07:00 AM (IST)

धनबाद में आवारा कुत्तों के लिए स्थायी डॉग शेल्टर होम और बर्थ कंट्रोल सेंटर के निर्माण की निविदा फाइनल हो गई है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. धनबाद में स्थायी डॉग शेल्टर होम की निविदा फाइनल हुई।

  2. 2.14 करोड़ के बजट से 50 केनेल बनाए जाएंगे।

  3. आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण से डॉग बाइट रुकेगी।

जागरण संवाददाता, धनबाद। शहर के आवारा कुत्तों के लिए स्थाई डॉग शेल्टर होम और बर्थ कंट्रोल सेंटर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

स्थाई डाग शेल्टर होम के लिए धनबाद नगर निगम की ओर से जारी की गई निविदा फाइनल हो गई है। जल्द ही कागजी प्रक्रिया कर निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।

डॉग शेल्टर होम को लेकर दूसरी बार टेंडर निकाला गया था। इसके पूर्व 20 अगस्त को टेंडर निकाला गया जिसकी अवधि नौ सितंबर को खत्म हो गई थी।

इस दौरान टेंडर डालने के लिए कोई भी ठेकेदार नहीं आया। जिसके बाद नगर निगम को दूसरी बार टेंडर प्रक्रिया करनी पड़ी।

उपचार और होगी देखभाल

इस शेल्टर होम में शहर में खतरनाक हो चुके स्ट्रीट डॉग को पकड़ कर रखा जाएगा। शेल्टर होम में उपचार एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा। नगर निगम की ओर से कोलाकुसमा में प्रस्तावित एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर सह डॉग शेल्टर होम के निर्माण के लिए 2.14 करोड़ का बजट तय किया गया है।

जिसके तहत 50 केनेल (पिंजरे, आश्रय स्थल) बनाया जाना है। सुप्रीम कोर्ट और नगर विकास विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत शहर में आक्रामक व आवारा कुत्तों को पकड़कर रखने, उनकी नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण के लिए इस सेंटर का निर्माण बेहद जरूरी है, ताकि शहर में लगातार बढ़ रहे डॉग बाइट के मामलों को नियंत्रित किया जा सके।

नगर निगम की माने तो आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए नसबंदी व टीकाकरण चल रहा है। शहरी क्षेत्र में करीब 67 हजार आवारा कुत्ते हैं। उनमें से 23,500 का बंध्याकरण कराया जा चुका है। आवारा कुत्तों के बर्थ कंट्रोल का जिम्मा फिलहाल एक एनजीओ को सौंपा गया है।

उसने तेतुलमारी के पास अस्थाई सेंटर बनाया है। इस अस्थाई सेंटर में एनजीओ कुत्तों का बंध्याकरण करा रहा है। जिसे प्रति कुत्तें के हिसाब से भुगतान किया जाता है।

यह भी पढ़ें- धनबाद में 9 रेल फाटकों पर बनेंगे ओवरब्रिज और अंडरपास, जाम से मिलेगी राहत

डॉग शेल्टर होम का टेंडर फाइनल हो गया है। जल्द ही निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। शेल्टर होम में नगर निगम की ओर से शहर में आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रण, डाग बाइट की घटनाओं में कमी तथा रेबीज उन्मूलन के उद्देश्य से एनिमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा।

-

आशीष गंगवार, नगर आयुक्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।