धनबाद में 9 रेल फाटकों पर बनेंगे ओवरब्रिज और अंडरपास, जाम से मिलेगी राहत
धनबाद में नौ रेलवे फाटकों पर रोड ओवरब्रिज और अंडरपास बनेंगे, जिससे वर्षों पुराने जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
धनबाद के नौ रेलवे फाटकों पर बनेंगे आरओबी-आरयूबी।
सांसद ढुलू महतो के प्रयास से मिली जाम से राहत।
कई परियोजनाओं के टेंडर आवंटित, निर्माण कार्य शीघ्र शुरू।
जागरण संवाददाता, धनबाद। शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए रेल मंत्रालय ने सकारात्मक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
जिले के नौ रेल फाटकों पर रोड ओवरब्रिज-आरओबी तथा अंडरपास-आरयूबी निर्माण को लेकर रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी सोमन्ना ने पत्र भेजकर रेलवे की ओर से की गई जांच एवं तैयार रिपोर्ट की विस्तृत जानकारी सांसद ढुलू महतो को उपलब्ध कराई है।
रिपोर्ट में धनबाद के चिह्नित समपार फाटकों की वर्तमान स्थिति बताई गई है। सांसद ने पिछले 21 जुलाई को लोकसभा में धनबाद के विभिन्न समपार फाटकों पर रोड ओवरब्रिज एवं रोड अंडरब्रिज निर्माण की आवश्यकता का मामला उठाया गया था।
सांसद ने कहा कि लोकसभा में इस गंभीर विषय को उठाने के बाद रेल मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई विस्तृत जानकारी से विभिन्न स्थानों पर चल रही कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हुई है।
धनबाद में रेलवे समपार फाटकों पर लगने वाला जाम परेशानी का कारण बनता है। आरओबी और आरयूबी निर्माण होने से आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।
इन रेल फाटकों पर होगा आरओबी-आरयूबी का निर्माण
केंदुआडीह रोड रेल फाटक, फुलारीटांड़ रेलवे क्रासिंग, गोविंदपुर-बलियापुर रोड रेल फाटक, भूली रेल फाटक, कतरास लिलोरी गेट, सोनारडीह गेट, कतरास–सिजुआ फाटक एवं तेतुलमारी रेल फाटक।
रेल मंत्रालय की ओर से उपलब्ध जानकारी
- आउटर धनबाद–बराकर मेन लाइन फाटक पर रोड अंडरब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य रेलवे के खर्च पर स्वीकृत है। इसके विस्तृत अनुमान एवं सामान्य व्यवस्था आरेख (जीएडी) को भी मंजूरी मिल चुकी है।
- प्रधानखंटा जंक्शन-गोविंदपुर मार्ग के रेल फाटक पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य स्वीकृत है। जीएडी एवं विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को मंजूरी मिल चुकी है। टेंडर भी आवंटित कर दिया गया है। निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
- तेतुलमारी फाटक पर रोड अंडरब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य स्वीकृत है। इसके लिए टेंडर आवंटित कर दिया गया है। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
- लिलोरी गेट व उसके आगे रेलवे फाटकों पर रोड अंडरब्रिज निर्माण कार्य रेलवे के खर्च पर स्वीकृत है। जीएडी एवं डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया प्रगति पर है।
- कतरासगढ़–निचितपुर एवं धनबाद–चंद्रपुरा मार्ग के रेल फाटक पर रोड ओवरब्रिज निर्माण का कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण-एनएचएआइ द्वारा प्रस्तावित है। इसकी स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है।
- प्रधानखंता से धनबाद के बीच रोड ओवरब्रिज निर्माण कार्य रेलवे के खर्च पर स्वीकृत है। टेंडर आवंटन की प्रक्रिया जारी है।
- सोनारडीह-फुलवारटांड़ रेल फाटक पर रोड ओवरब्रिज निर्माण कार्य पूर्व में स्वीकृत किया गया था। पर, 15 जून 2017 को धनबाद-चंद्रपुरा रेल मार्ग पर रेलवे ट्रैक के पास भूमिगत आग लगने के कारण रेलखंड बंद होने से निर्माण कार्य रोक दिया गया था। वर्तमान में इस कार्य के लिए तकनीकी व्यवहार्यता रिपोर्ट एवं विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया विचाराधीन है।
- तत्काल राहत के धनबाद-चंद्रपुरा व कतरासगढ़–निचितपुर के बीच दो रेल फाटकों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी शामिल है। कार्यों की स्वीकृति के लिए प्रक्रिया चल रही है।
यह भी पढ़ें- चक्रधरपुर मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 18 एक्सप्रेस ट्रेनें रद, उत्कल एक्सप्रेस का बदला रूट