विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पप्पू यादव ने बारामुड़ी खटाल हटाने पर धनबाद प्रशासन को घेरा, भू-माफिया से मिलीभगत का आरोप

By Ravi Ranjan SinghEdited By: Mritunjay Pathak
Published: Wed, 04 Nov 2026 01:50 PM (IST)

MP Papu Yadav ने धनबाद के बारामुड़ी में खटाल हटाने की कार्रवाई का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने जिला प्रशासन पर भू-माफिया से मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया।

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव। (फोटो जागरण)

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. पप्पू यादव ने धनबाद प्रशासन पर भू-माफिया से मिलीभगत का आरोप लगाया।

  2. बारामुड़ी में खटाल हटाने की कार्रवाई का कड़ा विरोध किया।

  3. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत कर आश्वासन मिलने की बात कही।

जागरण संवाददाता, धनबाद। बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने धनबाद के बारामुड़ी में खटाल हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर भू-माफिया के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया।

पप्पू यादव ने कहा कि बारामुड़ी में जमीन की कीमत बढ़ने के कारण उसे भू-माफिया के हवाले करने के उद्देश्य से धनबाद प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया है आश्वासन 

उन्होंने कहा कि खटाल संचालक सदियों से यहां रह रहे हैं। खटाल उनकी आत्मा और संस्कृति का हिस्सा है। वे अपनी संस्कृति और आत्मा के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। पप्पू यादव ने बताया कि इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी उनकी बातचीत हुई है। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है।

बारामुड़ी में खटाल हटाने के लिए धनबाद जिला प्रशासन अतिक्रमणवाद शुरू किया है। इसका राजनीतिक दल विरोध कर रहे हैं। इसके विरोध में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पप्पू यादव बुधवार को धनबाद पहुंचे।

दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि बारामुड़ी खटाल हटाने की कार्रवाई उनकी लाश पर ही हो सकती है। किसी भी सूरत में यहां के लोगों को उनके हक से बेदखल नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि खटाल संचालकों का मुद्दा केवल जमीन का नहीं, बल्कि उनकी संस्कृति और आजीविका से जुड़ा है।

राहुल और प्रियंका से भी हुई है बात 

पप्पू यादव ने कहा कि भाजपा के लोग बेवजह कांग्रेस और हेमंत सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। इस मामले में उनकी हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी बातचीत हुई है। हेमंत सोरेन ने भी इस मामले में पहल करने का आश्वासन दिया है।

कहा कि खटाल के मामले पर बीजेपी सरासर झूठ बोल रही है। कहा कि शिबू सोरेन की पहल पर खटाल के लोगों को राज्य भर में न्याय मिला है। बीजेपी की गिद्ध दृष्टि छत्तीसगढ़ उड़ीसा की तरह झारखंड पर भी है। हेमंत और कल्पना के आगे बीजेपी की दाल नहीं गलेगी।

केंद्र झारखंड की रॉयल्टी लेकर हक मार रहा है। हेमंत जी कई बार कांग्रेस संग इस मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं। कहा कि जरूरत पड़ी तो वे धनबाद से रांची तक पैदल मार्च करेंगे। उन्होंने निरसा विधायक अरूप चटर्जी से भी बातचीत करने की बात कही।

खटाल में सिर्फ यादव नहीं, आदिवासी-पिछड़े और अल्पसंख्यक भी 

सांसद ने कहा कि खटाल के मुद्दे पर सभी को आगे आना चाहिए। भाजपा के नेताओं को भी जनता के मुद्दों पर साथ देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि खटाल पप्पू यादव की आत्मा है, इसे किसी कीमत पर नहीं उजड़ने देंगे। कहा कि खटाल में यादव नहीं आदिवासी, अल्पसंख्यक, पिछड़े लोग रह रहे हैं।

एसआइआर के मुद्दे पर पप्पू यादव ने कहा कि देश चुनाव आयोग और सरकार से जवाब मांग रहा है। जब अमित शाह तीन करोड़ लोगों के नाम एसआइआर से कटने की बात कह रहे हैं, तो सरकार बताए कि ये लोग कौन हैं। यदि वे बाहरी हैं तो उन्हें देश से बाहर भेजा जाए या जेल में डाला जाए।

वहीं, धीरेंद्र शास्त्री के विवादित बयान पर उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसे बाबाओं को बनाया कौन है। उन्होंने बाबाओं के लिए भी निश्चित मानदंड और आचार संहिता बनाने की मांग की। धीरेन्द्र शास्त्री को उन्होंने बीजेपी का एजेंट बताया। साथ ही कहा कि अनुराधा, नित्यानंद, राम रहीम और आसाराम जैसे लोग भारतीय संस्कृति के नाम पर धब्बे हैं।

यह भी पढ़ें- धनबाद: बारामुड़ी खटाल संचालकों को छठ पूजा तक मिली मोहलत, 19 नवंबर को अगली सुनवाई

यह भी पढ़ें- 'टाइगर' अभी जिंदा है, बारामुड़ी खटाल नहीं हटेगा... धनबाद सांसद की दहाड़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।