दीपावली पर धनबाद की महिलाओं को हेमंत सरकार का तोहफा, मंईयां सम्मान योजना के तहत खातों में पहुंचे ₹2500
Maiyan Samman Yojana: झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत धनबाद जिले की 3.30 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर माह की सम्मान राशि भेजी गई है।
-1778746011843-1794040349253_m.webp)
मंईयां सम्मान योजना। (फाइल फोटो)
HighLights
धनबाद की 3.30 लाख महिलाओं को सम्मान राशि मिली।
अक्टूबर माह में ₹82.66 करोड़ का भुगतान किया गया।
योजना से महिलाएं आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनेंगी।
रविशंकर सिंह, धनबाद। रोशनी के पर्व दीपावली के उल्लास के बीच झारखंड की मां-बहनों को राज्य सरकार ने सम्मान और आर्थिक संबल की सौगात दी है।
झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत धनबाद जिले की 3 लाख 30 हजार 653 महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर महीने की सम्मान राशि भेज दी गई है।
प्रत्येक लाभुक के खाते में 2500 रुपये की दर से कुल 82 करोड़ 66 लाख 32 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया है। त्योहार के मौके पर खाते में सम्मान राशि पहुंचने से हजारों परिवारों को घरेलू जरूरतों और त्योहार की तैयारियों में आर्थिक मदद मिलेगी।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि योजना के तहत अक्टूबर महीने की राशि का आधार आधारित भुगतान सीधे लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में किया गया है। जिले में कुल 3,30,653 महिलाओं को इसका लाभ मिला है।उन्होंने बताया कि सितंबर महीने की सम्मान राशि का भुगतान भी योजना के लाभुकों को किया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रत्येक महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जाती है। इससे महिलाएं अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी योगदान दे सकती हैं।
गोविंदपुर में सबसे अधिक लाभुक
उपायुक्त ने बताया कि जिले के प्रखंड एवं शहरी अंचलवार आंकड़ों के अनुसार गोविंदपुर प्रखंड में सबसे अधिक 48,661 महिलाओं को योजना का लाभ मिला है।
इसके बाद बाघमारा प्रखंड में 42,405 और झरिया अंचल में 41,244 लाभुक हैं। धनबाद अंचल में 29,910, तोपचांची में 26,371, निरसा में 22,833 और बलियापुर प्रखंड में 20,622 महिलाओं के खाते में राशि भेजी गई है।
इसी तरह कलियासोल में 19,184, पुटकी अंचल में 16,997, टुंडी प्रखंड में 16,275, एग्यारकुंड प्रखंड में 15,981 और पूर्वी टुंडी में 9,619 महिलाओं को सम्मान राशि मिली है।
बाघमारा अंचल में 7,002, धनबाद प्रखंड में 6,766, एग्यारकुंड अंचल में 4,905, बलियापुर अंचल में 1,070 और गोविंदपुर अंचल में 808 लाभुकों को भुगतान किया गया है।
साढ़े तीन लाख महिलाओं को मिली राशि
दीपावली के अवसर पर धनबाद जिले की साढ़े तीन लाख के करीब महिलाओं को आर्थिक सहायता मिली है। सरकार की इस योजना के माध्यम से महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने सीधे राशि पहुंचाई जा रही है।
- कुल लाभुक महिलाएं : 3,30,653
- प्रति लाभुक सम्मान राशि : 2,500 रुपये
- अक्टूबर में कुल भुगतान : 82,66,32,500 रुपये
- भुगतान का माध्यम : आधार आधारित बैंक अंतरण
यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ से पहले गढ़वा की 2.22 लाख महिलाओं को तोहफा, खाते में पहुंची मंईयां सम्मान योजना की राशि