धनबाद से आसनसोल ले जाया जा रहा था 500 किलो प्रतिबंधित मांस, मैथन पुलिस ने पिकअप वैन समेत दो को दबोचा
मैथन पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 500 किलोग्राम प्रतिबंधित पशु मांस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह मांस पिकअप वैन में कुमारधुबी से आसनसोल ले जाया जा रहा था, जिसे मैथन टोल प्लाजा के पास जब्त किया गया।

पुलिस की गिरफ्त में पिकअप वैन(सौ. जागरण)
HighLights
मैथन पुलिस ने 500 किलो प्रतिबंधित मांस जब्त किया।
पिकअप वैन से मांस ले जा रहे दो युवक गिरफ्तार।
गुप्त सूचना पर टोल प्लाजा पर हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, मैथन (धनबाद)। मैथन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 500 किलोग्राम प्रतिबंधित पशु मांस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मांस लदे पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया है। घटना शुक्रवार की रात करीब एक बजे की है।
बताया जाता है कि कुमारधुबी के शिवलीबाड़ी से पिकअप वैन में प्रतिबंधित पशु मांस लादकर आसनसोल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मैथन टोल प्लाजा के समीप पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें करीब 500 किलो मांस बरामद हुआ।
पिकअप वैन के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद मांस का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, गिरफ्तार दोनों युवकों के साथ-साथ पिकअप वैन के मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
मामले को लेकर मैथन ओपी प्रभारी अभिनव कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस की जांच टीम ने रात करीब एक बजे टोल प्लाजा पर पिकअप वैन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 500 किलोग्राम प्रतिबंधित पशु मांस बरामद किया गया। इसके बाद चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया गया तथा वाहन को जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
उन्होंने बताया कि पिकअप वैन का मालिक कुल्टी का रहने वाला है, जिसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। मांस का नमूना जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ओपी प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- धनबाद में कोयला तस्करों का आतंक, चोरी रोकने पर सुरक्षा कर्मी को डंडों से पीटा; विरोध में उत्पादन ठप
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।