विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में कोयला तस्करों का आतंक, चोरी रोकने पर सुरक्षा कर्मी को डंडों से पीटा; विरोध में उत्पादन ठप

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:15 AM (IST)

ईसीएल मुगमा एरिया की राजपुरा परियोजना में कोयला तस्करों ने चोरी रोकने पर एक सुरक्षाकर्मी दिलीप सतनामी को बेरहमी से पीटा, जिससे वह घायल हो गया। 

धनबाद में कोयला तस्करों का आतंक (सौ. जागरण)

धनबाद में कोयला तस्करों का आतंक (सौ. जागरण)

HighLights

  1. राजपुरा परियोजना में सुरक्षाकर्मी को कोयला तस्करों ने बेरहमी से पीटा।

  2. कोयला चोरी रोकने के कारण सुरक्षाकर्मी पर हुआ हमला।

  3. घटना के विरोध में परियोजना का उत्पादन पूरी तरह ठप।

जागरण संवाददाता, मैथन (धनबाद)। ईसीएल मुगमा एरिया की राजपुरा परियोजना में कोयला तस्करों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। कोयला चोरी रोकने पर सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाए जाने की एक और घटना सामने आई है। 

शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे राजपुरा ओसीपी से मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकल रहे सुरक्षा कर्मी दिलीप सतनामी के साथ दो लोगों ने कथित तौर पर जमकर मारपीट की। 

आरोप है कि एक महिला और एक पुरुष ने उन्हें मुक्कों तथा डंडों से पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। मारपीट में उनके पूरे शरीर पर चोटें आई हैं। 

कोयला चोरी रोकने को लेकर विवाद

बताया जाता है कि कोयला चोरी रोकने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपितों ने सुरक्षाकर्मी पर महिला के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद परियोजना में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों और मजदूरों में आक्रोश फैल गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बीसीकेयू के कोलियरी सचिव खोखन रविदास ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि राजपुरा परियोजना में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कोयला तस्करों द्वारा मजदूरों और सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है।

परियोजना का उत्पादन ठप करा दिया

उन्होंने बताया कि घटना के विरोध में सुबह से ही परियोजना का उत्पादन ठप करा दिया गया है। राजपुरा प्रबंधन और गलफरबाड़ी ओपी पुलिस जब तक इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो पूरे परियोजना को बंद करा दिया जाएगा।

WhatsApp Image 2026-11-20 at 10.44.44 AM

घटना के बाद आक्रोशित सुरक्षाकर्मी (सौ. जागरण)

वहीं, मामले को लेकर राजपुरा प्रबंधक से शिकायत की गई है। प्रबंधन की ओर से गलफरबाड़ी ओपी में शिकायत दर्ज कराने और मामले में कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया गया है।

इस संबंध में कोलियरी प्रबंधक संजीव चंद्रा ने कहा कि परियोजना के सुरक्षा कर्मी के साथ दो लोगों ने मारपीट की है। आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी पहचान होने के बाद स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

लगातार बढ़ रहा कोयला तस्करों का दुस्साहस

गौरतलब है कि गुरुवार की दोपहर सीआईएसएफ की टीम पर पथराव और मोटरसाइकिल छीनने की घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि राजपुरा परियोजना में सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट की एक और घटना सामने आ गई। लगातार हो रही इन घटनाओं ने ईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर कोयला तस्करों के बढ़ते मनोबल पर अंकुश लगाने के लिए ईसीएल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन कब ठोस कदम उठाएगा? फिलहाल, सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट के विरोध में उत्पादन ठप है और प्रबंधन तथा पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़ें- धनबाद में कोयला तस्करों ने छापामारी कर लौट रही CISF टीम पर किया हमला, जब्त बाइक छीनकर फरार


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।