विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में कोयला तस्करों ने छापामारी कर लौट रही CISF टीम पर किया हमला, जब्त बाइक छीनकर फरार

Published: Thu, 19 Nov 2026 06:46 PM (IST)

धनबाद के निरसा में अवैध कोयला तस्करों ने छापामारी से लौट रही CISF और ECL सुरक्षा टीम पर हमला कर ...और पढ़ें

छापामारी कर लौट रही CISF टीम पर हमला (सौ. जागरण)

छापामारी कर लौट रही CISF टीम पर हमला (सौ. जागरण)

HighLights

  1. CISF टीम पर कोयला तस्करों ने घात लगाकर हमला किया।

  2. अवैध मुहानों की भराई के बाद लौट रही थी टीम।

  3. जब्त की गई एक मोटरसाइकिल छीनकर हमलावर फरार हुए।

जागरण संवाददाता, निरसा (धनबाद)। निरसा क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबारियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। अब कोयला तस्कर छापामारी कर लौट रही सीआईएसएफ की टीम पर हमला करने से भी नहीं हिचक रहे। 

गुरुवार की शाम बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के समीप जंगल में घात लगाकर बैठे 8-10 हमलावरों ने सीआईएसएफ एवं ईसीएल सुरक्षा टीम पर हमला कर दिया। हमलावर जवानों से जब्त एक मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए। इस दौरान जवानों को लेकर जा रही बोलेरो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। 

अतिरिक्त जवानों के समय पर पहुंचने से बोलेरो चालक और दो जवान बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ईसीएल सुरक्षा विभाग की ओर से निरसा थाना में आरोपितों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। हमले ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने वाली सुरक्षा टीमों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

24 अवैध मुहानों की भराई के बाद लौट रही थी टीम

जानकारी के अनुसार, राजा कोलियरी में सीआईएसएफ और ईसीएल सुरक्षा विभाग की टीम छापामारी कर रही थी। अभियान के दौरान अवैध खनन के 24 मुहानों की भराई कराई गई। इसी क्रम में चोरी का कोयला ले जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया। दोनों बाइक ट्रैक्टर पर लादकर जवान निरसा थाना में सुपुर्द करने जा रहे थे।

WhatsApp Image 2026-11-19 at 6.14.17 PM

बोलेरो में तोड़फोड़ (सौ. जागर)

बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के समीप पहुंचते ही जंगल में छिपे तस्करों ने अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने बोलेरो में तोड़फोड़ की और एक मोटरसाइकिल लेकर भाग निकले। दूसरी बाइक भी ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अतिरिक्त जवान पहुंच गए। तस्कर दूसरी मोटरसाइकिल जंगल में छोड़कर फरार हो गए। बाद में जवानों ने उसे बरामद कर लिया।

सुरक्षा में तैनात वाहन चालक ने जताई चिंता 

बोलेरो चालक सह मालिक लाल बहादुर प्रसाद ने बताया कि उनके वाहन का टेंडर बरमुरी कोलियरी के प्रबंधक को लाने-ले जाने के लिए हुआ था, लेकिन प्रबंधक ने वाहन को सीआईएसएफ की ड्यूटी में लगा दिया है। उन्होंने कहा कि जब दिनदहाड़े जवानों पर हमला हो रहा है, तो वाहन चालक और अन्य कर्मी कितने सुरक्षित हैं, यह बड़ा सवाल है।

हमलावरों की पहचान का दावा

कोल इंडिया टास्क फोर्स के इंस्पेक्टर इंचार्ज रुपेश मिश्रा ने बताया कि छापेमारी के दौरान 24 अवैध मुहानों की भराई कराई गई। लौट रही टीम पर हमला कर एक मोटरसाइकिल लूटने की घटना हुई है। हमले में शामिल लोगों को चिह्नित कर लिया गया है। निरसा थाना में शिकायत दर्ज कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें- 108 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल से मरीजों की बढ़ी मुसीबत, धनबाद में अस्पताल पहुंचना हुआ महंगा और मुश्किल


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।