विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुमारधुबी स्टेशन पर चार ट्रेनों के ठहराव को पूर्व रेलवे की हरी झंडी, अब रेलवे बोर्ड के फैसले का इंतजार

Published: Mon, 26 Oct 2026 07:15 PM (IST)

पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक उदय शंकर झा ने बताया कि कुमारधुबी स्टेशन पर चार ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है।

कुमारधुबी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक उदय शंकर झा, भाजपा नेता जयप्रकाश सिंह और अन्य। (फोटो जागरण)

कुमारधुबी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक उदय शंकर झा, भाजपा नेता जयप्रकाश सिंह और अन्य। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. कुमारधुबी स्टेशन पर चार ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव भेजा।

  2. पूर्व रेलवे ने प्रस्ताव को मंजूरी देकर रेलवे बोर्ड को भेजा।

  3. अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

संवाद सहयोगी, चिरकुंडा। पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक उदय शंकर झा ने कहा है कि धनबाद-पटना इंटरसिटी समेत चार ट्रेनों के कुमारधुबी रेलवे स्टेशन पर ठहराव का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। बोर्ड की अनुमति मिलने के बाद इन ट्रेनों का ठहराव शुरू होगा।

उन्होंने बताया कि धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने कुमारधुबी स्टेशन पर चार प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर पत्र भेजा था। पूर्व रेलवे ने चारों ट्रेनों के ठहराव के प्रस्ताव को मंजूरी देने के बाद रेलवे बोर्ड को भेज दिया है।

पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक उदय शंकर झा ने सोमवार को कुमारधुबी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। स्टेशन पर मिली कमियों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और कार्यों में जल्द सुधार करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन की खाली पड़ी रेलवे की जमीन पर शॉपिंग मॉल, पार्क और वाहन पार्किंग जोन विकसित करने का प्रस्ताव दिया। दिव्यांग यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में सुविधा देने के लिए लिफ्ट लगाने का निर्देश भी दिया।

उन्होंने कहा कि रेलवे की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को जल्द हटाया जाएगा, ताकि स्टेशन का सौंदर्यीकरण और विकास कार्य सुचारु रूप से हो सके।

मौके पर भाजपा नेता जयप्रकाश सिंह ने क्षेत्र के यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं और समस्याओं को उनके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए रेलवे गंभीर है और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक रूप दिया जाएगा।

स्टेशन परिसर के नो पार्किंग क्षेत्र में मोटरसाइकिल खड़ी करने पर आरपीएफ द्वारा चालान काटे जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15 मिनट तक मोटरसाइकिल खड़ी करने पर जुर्माना नहीं लगेगा।

निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि डब्ल्यू बाउरी, आसनसोल रेल मंडल के डीसीएम पी. मलकाराज, डिप्टी चीफ इंजीनियर विकास कुमार, एईएन मुनीश पांडेय, एसीएम रविशंकर प्रसाद व विजय सिंह, आईओडब्ल्यू शिवकुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर हवा सिंह जाखड़ और स्टेशन प्रबंधक सुनील कुमार पाठक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- धनबाद की स्नेहा सिंह बनीं मुंबई भाजपा लीगल सेल की सचिव, साइबर अपराध विशेषज्ञ के रूप में भी पहचान

यह भी पढ़ें- आरा से धनबाद तक सीधी ट्रेन की उम्मीद, नेउरा-जटडुमरी रेलखंड के बाद दूसरी ट्रेन चलाने पर भी चर्चा