15000 लोगों की लाइफलाइन करकेंद हाल्ट पर सुविधाएं शून्य: न शेड न महिला शौचालय, रात में अंधेरे से परेशानी
गोमो-भागा-आद्रा रेल खंड पर स्थित करकेंद हाल्ट पर 15 हजार से अधिक यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

करकेंद हॉल्ट स्टेशन का फोटो। (जागरण)
HighLights
करकेंद हाल्ट पर यात्री सुविधाएं पूरी तरह नदारद हैं।
प्लेटफॉर्म पर शेड, रोशनी और महिला शौचालय नहीं है।
संपर्क पथ जर्जर, रात में असामाजिक तत्वों का खतरा रहता है।
लव कुमार वर्णवाल, पुटकी। गोमो-भागा-आद्रा रेल खंड पर स्थित करकेंद हाल्ट पुटकी व करकेंद इलाके के 15 हजार से अधिक लोगों के लिए लाइफलाइन है। धनबाद, गोमो, बोकारो, पुरुलिया व आद्रा की ओर से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यहां मेमू व पैसेंजर ट्रेनें रुकती हैं।
यहां से इलाके के सैकड़ों विद्यार्थी प्रतिदिन गोमो, महुदा और धनबाद आते-जाते हैं। सुबह के समय हाल्ट पर पैर रखने की जगह नहीं होती। लेकिन एक प्लेटफार्म, पटरी व ट्रेनों को छोड़, इस रेलवे हाल्ट पर यात्री सुविधाएं शून्य हैं।
गोमो-खड़गपुर एक्सप्रेस, चक्रधरपुर-गोमो मेमू, आद्रा-खानुडीह मेमू और भागा व गोमो की ओर जाने वाली लोकल सवारी गाड़ियों से यात्रा करने वाले लोग प्रतिदिन जनसुविधाओं के लिए जूझते हैं।
हाल्ट के प्लेटफार्म पर यात्री शेड नहीं है। बरसात के समय लोगों को भीगते हुए ट्रेन से चढ़ना-उतरना पड़ता है। इससे बुजुर्गों, बच्चों व महिलाओं को परेशानी होती है। यहां रोशनी का इंतजाम भी नहीं है। शाम होते ही प्लेटफार्म पर अंधेरा छा जाता है। इस कारण रात में परेशानी होती है।
महिला शौचालय नहीं, संपर्क पथ भी बदहाल
करकेंद हाल्ट से प्रतिदिन काफी संख्या में कामकाजी महिलाएं, शिक्षिका व छात्राएं आवागमन करती हैं। लेकिन हाल्ट पर महिला यात्रियों के लिए शौचालय नहीं है। महिलाओं को फजीहत का सामना करना पड़ता है।
रेल यात्रियों की मुसीबत यहीं खत्म नहीं होती। हाल्ट से पुटकी-करकेंद मुख्य सड़क तक पहुंचने वाला संपर्क पथ जर्जर हो चुका है। सड़क किनारे लाइट भी नहीं है। ऐसे में रात के समय ट्रेन से उतरकर घर पहुंचने में असामाजिक तत्वों का खतरा रहता है।
इस मार्ग पर शाम के बाद सफर करना मुसीबत है। स्टेशन पर लाइट नहीं होने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। हजारों यात्रियों के बाद भी स्टेशन पर सुविधा नहीं मिलती।
संजय राम, दैनिक यात्री, पुटकी
करकेंद हाल्ट पर यात्री शेड नहीं है, बरसात में ट्रेन पकड़ना मुश्किल हो जाता है। रेलवे को यहां से हर महीने राजस्व मिलता है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं मिलता।
देवाशीष मुखर्जी, व्यवसायी, मुनीडीह
हाल्ट पर महिलाओं के लिए शौचालय नहीं है। घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़े, तो महिला यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती है। रेलवे प्रशासन को इस दिशा में पहल करनी चाहिए।
सीता हांसदा, दैनिक यात्री, बांकुड़ा
हाल्ट से मुख्य सड़क तक जाने वाला रास्ता बदहाल है। बांकुड़ा से आने वाले व्यापारी रात हो जाने पर परेशान होते हैं। मुख्य सड़क तक लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए।
हीरा शर्मा, व्यापारी, पुटकी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।