झारखंड पुलिस पर भरोसा नहीं, जेपीएससी-जेएसएससी इंटर स्टेट भर्ती घोटाले की सीबीआइ जांच जरूरी : जयराम महतो
JPSC JSSC Recruitment Scam: डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की है।

JLKM MLA Jairam Mahto.
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी एक अंतर्राज्यीय घोटाला है। इस मामले की बिना देर किए सीबीआइ से जांच करवाना झारखंड और झारखंडी युवा के हित में होगा। झारखंड पुलिस की जांच पर आम जनता का भरोसा उठ चुका है। डुमरी विधायक डा.जयराम कुमार महतो ने यह बयान जारी किया है।
विधायक ने कहा कि जांच की प्रगति और धीमी रफ्तार सीआइडी जांच पर संदेह पैदा कर रहे हैं। जेएसएससी के अध्यक्ष और सचिव पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। गड़बड़ियों के प्रमाण सामने आने के बाद भी कार्रवाई के नाम पर चुप्पी है।
विधायक ने सवाल किया कि आखिर किसे बचाया जा रहा है। कई महीनों से जेपीएससी अध्यक्ष और सदस्यों के पद खाली पड़े हैं। अब नए सिरे से नियुक्ति प्रक्रिया को भी अंधेरे में लटका दिया है। आखिर झारखंडी युवा कब तक अपने भविष्य और रोजगार के लिए भटकते रहेंगे।
घोटाला तो जेएसएसी में भी हुआ है। यह प्रमाणित हो चुका है। झारखंड सरकार युवाहित से जुड़े इस मामले पर गंभीरता से कार्रवाई करे, निष्पक्ष सीबीआइ जांच की अनुशंसा करे। लाखों झारखंडी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
