Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jharkhand Assembly Election 2019: धनबाद की तीन सीटों पर झामुमो की नजर, बदलाव यात्रा के बाद माहाैल गर्म

झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 की तैयारी में सभी दलों की तरह झामुमो भी लगा हुआ है। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन बदलाव यात्रा के तहत धनबाद का दाैरा कर चुके हैं।

By MritunjayEdited By: Updated: Wed, 09 Oct 2019 09:24 AM (IST)
Hero Image
Jharkhand Assembly Election 2019: धनबाद की तीन सीटों पर झामुमो की नजर, बदलाव यात्रा के बाद माहाैल गर्म

धनबाद, जेएनएन। झारखंड विधानसभा चुनाव- 2014 में धनबाद की चुनावी राजनीति में शून्य पर बोल्ड झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) अबकी चुनाव में दमदार उपस्थिति दर्ज कराने के लिए तैयार है। झामुमो ने धनबाद जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में तीन पर अपना ध्यान फोकस किया है। ये क्षेत्र हैं-टुंडी, निरसा और सिंदरी। महागठबंधन की स्थिति में इन्हीं तीनों सीटों पर झामुमो की दावेदारी है।

झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 की तैयारी में सभी दलों की तरह झामुमो भी लगा हुआ है। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन बदलाव यात्रा के तहत धनबाद का दाैरा कर चुके हैं। वे विपक्ष की ओर से मुख्यमंत्री के चेहरे के प्रबल दावेदार हैं। झारखंड में भाजपा के खिलाफ महागठबंधन बनाकर चुनाव लड़ने की बात विपक्ष कर रहा है। विपक्षी महागठबंधन में झामुमो की दावेदारी टुंडी, निरसा और सिंदरी विधानसभा सीट पर है। झामुमो सूत्रों के अनुसार इन तीनों सीटों की दावेदारी से पार्टी एक कदम भी पीछे नहीं हटेगा।

टुंडी विधानसभा क्षेत्र झामुमो का गढ़ रहा है। हालांकि पिछले चुनाव में पार्टी के प्रत्यशी मथुरा प्रसाद महतो मामूली मतों के अंतर से चुनाव हार गए थे। जबकि निरसा विधानसभा में मजबूत जनाधार है। इसके नेता अशोक मंडल करीब 7 हजार मतों से चूक गए थे। इसी तरह सिंदरी में झामुमो प्रत्याशी मन्नु आलम त्रिकोणीय मुकाबले में 40 हजार से ज्यादा मत प्राप्त करने में सफल रहे थे। झामुमो का मानना है कि गठबंधन की स्थिति में तीनों सीटों पर उसकी जीत हो सकती है। वैसे झामुमो की तैयारी धनबाद जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर है। गठबंधन न होने की स्थिति में झामुमो सभी सीटों पर प्रत्याशी खड़ा करेगा।

झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन की बदलाव यात्रा के बाद पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जोश में हैं। टुंडी, निरसा और सिंदरी में जोर-शोर से चुनावी तैयारी चल रही है। झामुमो के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य अशोक मंडल ने कहा है कि जनता बदलाव चाहती है। हेमंत सोरेन को लोग मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। चुनाव में झामुमो का प्रदर्शन ऐतिहासिक होगा।