विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड SIR 2026: दावा-आपत्ति के लिए अब सिर्फ 1 दिन शेष, तुरंत करें आवेदन

Published: Tue, 29 Sep 2026 11:35 AM (IST)

Jharkhand SIR: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत दावा-आपत्ति जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है, जिसके लिए अब सिर्फ एक दिन शेष है।

झारखंड में फार्म-6, 7 और 8 भरने की अंतिम तिथि 30 सितंबर।

झारखंड में फार्म-6, 7 और 8 भरने की अंतिम तिथि 30 सितंबर।

HighLights

  1. दावा-आपत्ति जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026।

  2. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पात्र नागरिकों से आवेदन की अपील की।

  3. फॉर्म-6, 7, 8 से नाम जोड़ें, सुधारें, आपत्ति दर्ज करें।

डिजिटल डेस्क, धनबाद। झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम विलोपित कराने, आपत्ति दर्ज करने, विवरण में सुधार अथवा नाम स्थानांतरित कराने के लिए दावा-आपत्ति की समय-सीमा अब समाप्त होने वाली है।

आवेदन और दावा-आपत्ति जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है। ऐसे में पात्र नागरिकों के पास आवेदन करने के लिए अब सिर्फ एक दिन शेष है। इसे लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने पात्र मतदाताओं से अपील की है। 

रवि कुमार ने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द आवश्यक फॉर्म जमा करें। जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र ECINET के माध्यम से या संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की सहायता से जमा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पात्र नागरिक अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और आसपास के अन्य लोगों को भी आवेदन के लिए जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से उन युवाओं से भी समय रहते आवेदन करने की अपील की, जो निर्धारित पात्रता पूरी कर चुके हैं।

28 सितंबर तक 10 हजार से अधिक फॉर्म-6 जमा

निर्वाचन विभाग की ओर से जारी 29 सितंबर के SIR बुलेटिन के अनुसार, दावा-आपत्ति अवधि के दौरान 27 सितंबर तक फॉर्म-6 के कुल 6,32,124 आवेदन प्राप्त हुए थे। वहीं 28 सितंबर को अकेले 10,225 आवेदन प्राप्त हुए। फॉर्म-6A के तहत कुल 104 आवेदन मिले हैं, जिनमें 28 सितंबर के दो आवेदन शामिल हैं।

इसी तरह फॉर्म-7 के माध्यम से कुल 11,732 आवेदन/आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इनमें 28 सितंबर को मिले 533 आवेदन शामिल हैं। फॉर्म-8 के तहत कुल 4,27,473 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि 28 सितंबर को 9,309 आवेदन आए।

फॉर्म-7 से नाम स्वत: नहीं कटेगा

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि फॉर्म-7 के माध्यम से दर्ज आपत्तियों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच और सुनवाई के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। केवल फॉर्म-7 जमा करने से किसी मतदाता का नाम स्वत: मतदाता सूची से विलोपित नहीं होगा।

वहीं फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज विवरण में सुधार, पता बदलने अथवा निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है।

30 सितंबर के बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों के डिजिटाइजेशन, आवेदनों की जांच, आवश्यकतानुसार नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया होगी। इसके बाद 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची (Final Roll) प्रकाशित की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Hemant Soren के बरहेट में SIR की पड़ताल, चुनाव आयोग के सचिव बोले- योग्य का नाम न छूटे, अपात्र न जुड़े

यह भी पढ़ें- धनबाद में जंगली हाथियों का आतंक: मक्का की फसल खाने से रोकने पर झुंड ने शिक्षक को मार डाला