विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोवंश के चारा-पानी में नहीं आएगी पैसों की कमी, झारखंड के सभी 24 जिलों को मिलेंगे 20-20 लाख रुपये

Published: Mon, 23 Nov 2026 12:49 PM (GMT+05:30)

झारखंड गौ सेवा आयोग ने राज्य के सभी 24 जिलों में गोवंश के चारा-पानी और देखभाल के लिए 20-20 लाख रुपये का कार्पस फंड स्थापित किया है।

एआई के माध्यम से जेनरेट की गई इमेज।

एआई के माध्यम से जेनरेट की गई इमेज।

HighLights

  1. झारखंड के सभी 24 जिलों को मिलेगा 20 लाख फंड।

  2. गोवंश के चारा, पानी, चिकित्सा का होगा इंतजाम।

  3. उपायुक्त की निगरानी में होगा कार्पस फंड का उपयोग।

रविशंकर सिंह, धनबाद। सड़क पर घूमते, दुर्घटनाग्रस्त या तस्करी के दौरान पकड़े गए गोवंश के चारा-पानी और देखभाल के लिए अब आर्थिक संकट आड़े नहीं आएगा।

झारखंड गौ सेवा आयोग की पहल पर राज्य के सभी 24 जिलों में 20-20 लाख रुपये के कार्पस फंड की व्यवस्था की गई है। गोवंश संरक्षण के लिए हर जिले को 20 लाख रुपये मिलेंगे। फंड की निगरानी उपायुक्त के अधीन होगी। इससे गोवंश के लिए चारा, पानी, चिकित्सा और दूसरी सुविधाओं का इंतजाम किया जाएगा।

धनबाद जैसे जिलों के लिए यह पहल महत्वपूर्ण है, जहां से तस्करी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। झारखंड में 23 निबंधित गौशालाएं हैं, जिनमें दो धनबाद में हैं।

पहली श्री झरिया धनबाद गोशाला, बस्ताकोला और दूसरी श्री गंगा गोशाला, कतरास में है। तस्करी में जब्त गोवंश यहीं लाए जाते हैं। आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि कार्पस फंड से गौ सेवा में मदद मिलेगी। खासकर जब्त गोवंश के लिए चारा-पानी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

दो महीने में पकड़े 200 से अधिक गोवंश

धनबाद में जीटी रोड के रास्ते गोवंश तस्करी की घटनाएं सामने आती रही हैं। श्री गंगा गोशाला के अनुसार बीते दो महीने में अकेले उनकी गोशाला में 150 से अधिक गोवंश लाए गए।

24 अगस्त को एक कंटेनर से 48 गोवंश पकड़े गए, जिनमें चार मृत मिले। वहीं 24 अक्टूबर को 22 गोवंश पकड़े गए, जिन्हें बाद में कोर्ट के आदेश पर छोड़ना पड़ा। इसके अलावा मैथन टोल प्लाजा से 23 अक्टूबर को 28 और 28 अक्टूबर को 24 गोवंश पकड़े गए।

यह भी पढ़ें- भूली में रात को कौन खटखटा रहा दरवाजा? बिना पहचान किए ना खोलें गेट, जांच में जुटी धनबाद पुलिस

धनबाद में बड़े पैमाने पर गोवंश आने से उनके भरण-पोषण, चारा-पानी और इलाज का खर्च बढ़ जाता है। सरकार से सहायता मिलने की प्रक्रिया भी कई बार कठिन होती है। कार्पस फंड से अब गौशालाओं को सहायता मिलने की उम्मीद जगी है।

-

महेश अग्रवाल, महासचिव, श्री गंगा गोशाला, कतरास।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।