भूली में रात को कौन खटखटा रहा दरवाजा? बिना पहचान किए ना खोलें गेट, जांच में जुटी धनबाद पुलिस
धनबाद के भूली में आधी रात को संदिग्धों द्वारा दरवाजा खटखटाने की घटनाओं से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

एआई के माध्यम से जेनरेट की गई इमेज।
HighLights
भूली में आधी रात संदिग्धों द्वारा दरवाजा खटखटाने की घटनाएं बढ़ीं।
ओम प्रकाश सिंह ने सूझबूझ दिखाई, दरवाजा नहीं खोला।
पुलिस मामले की जांच कर रही, लोगों को सतर्क रहने की सलाह।
जागरण संवाददाता, धनबाद। भूली के लोगों को इन दिनों सतर्क रहने की जरूरत है। आधी रात के बाद कोई दरवाजा खटखटाए तो पहचान की पुष्टि किए बिना उसे न खोलें।
शनिवार देर रात और रविवार सुबह करीब दो बजे भूली ए ब्लाक सेक्टर तीन में रहने वाले ओम प्रकाश सिंह के घर भी ऐसा ही हुआ। उनकी सूझबूझ से कोई हादसा नहीं हुआ। उन्होंने भूली ओपी पुलिस को घटना की जानकारी दी है।
ओम प्रकाश सिंह के अनुसार, रात करीब दो बजे उनके दरवाजे पर लगातार दस्तक हुई। घर के भीतर से उन्होंने कई बार पूछा कि कौन है, लेकिन जवाब नहीं मिला।
दस्तक जारी रहने पर बाहर मौजूद एक पुरुष ने कहा कि पहले दरवाजा खोलें, फिर बात करेंगे। सिंह ने दरवाजा नहीं खोला और परिवार के अन्य सदस्यों को जगा दिया। महिलाओं के पूछने पर बाहर से एक महिला ने दरवाजा खोलने को कहा।
खुद को बता रहे थे पुलिसकर्मी
इसके बाद दस्तक देने वालों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर कहा कि वे थाने से आए हैं। ओम प्रकाश सिंह ने डायल 112 पर फोन कर पूरी जानकारी दी। कुछ देर बाद भूली ओपी से भी फोन आया और पूछा गया कि दरवाजे पर दस्तक देने वाले लोग वहां हैं या चले गए। पुलिस का फोन आने तक वे जा चुके थे।
सिंह ने बताया कि दरवाजे पर दस्तक देने वाले करीब पांच से अधिक लोग थे, जिनमें कुछ महिलाएं भी थीं। दरवाजा न खुलने पर एक महिला ने पानी पिलाने को कहा और बताया कि वे 591 नंबर क्वार्टर खोज रहे हैं। इस बीच आसपास के लोग जाग गए और उन्होंने अपने घरों के बाहर की लाइटें जला दीं।
ओम प्रकाश सिंह और आसपास के लोगों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी इस तरह दरवाजे खटखटाने की घटना हुई थी। सेक्टर तीन के लोगों ने पूरे भूली के निवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस भी इन लोगों का पता लगा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।