धनबाद में महंगाई का असर अब दूध-पनीर पर, एक दिसंबर से बढ़ेंगे दाम; जानें नई कीमतें
जामाडोबा में यादव समाज और खटाल संचालकों ने पशु चारे की बढ़ती कीमतों पर चिंता व्यक्त की। लागत में वृद्धि के कारण 1 दिसंबर से दूध और पनीर की नई दरें लागू करने का निर्णय लिया गया है।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।
HighLights
पशु चारा, दाना और खल्ली की कीमतों में लगातार वृद्धि।
1 दिसंबर से दूध और पनीर की नई दरें होंगी लागू।
संवाद सहयोगी, डुमरी। जामाडोबा में यादव समाज व खटाल संचालकों की बैठक मंगलवार हुई। बैठक की अध्यक्षता खटाल संचालक गोपाल यादव ने की। इसमें पशु चारा, दाना और खल्ली की कीमतों में लगातार वृद्धि पर चिंता जताई गई। बढ़ती लागत को देखते हुए सर्वसम्मति से एक दिसंबर से दूध और पनीर की नई कीमत लागू करने का निर्णय लिया गया।
गोपाल यादव ने कहा कि जामाडोबा क्षेत्र में करीब 300 खटाल संचालित हैं। पिछले एक वर्ष में पशु आहार की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इससे खटाल संचालकों को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। लागत बढ़ने के कारण दूध और पनीर की कीमतों में बदलाव करना जरूरी हो गया है।
निर्णय के अनुसार एक दिसंबर से गाय का दूध 70 रुपये प्रति लीटर, भैंस का दूध 80 रुपये प्रति लीटर और पनीर 400 रुपये प्रति किलो की दर से बिकेगा। बैठक में सभी संचालकों ने नई दरों का पालन करने पर सहमति जताई।
संचालकों के अनुसार वर्ष 2025 में चोकर का बोरा 1100 रुपये, बिचाली 150 रुपये प्रति मन, सरसों खल्ली 35 रुपये और गेहूं घाटा 26 रुपये प्रति किलो था। वहीं अब चोकर 1700 रुपये, बिचाली 300 रुपये प्रति मन, सरसों खल्ली 45 रुपये और गेहूं घाटा 35 रुपये प्रति किलो हो गया है। बैठक में कृष्णा यादव, अनिल यादव, विकास यादव, गौरव यादव, विजय यादव, नंदू यादव, पन्नालाल यादव थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।