विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फास्टैग का सालाना पास हुआ महंगा, 1 अप्रैल से लागू होंगी नई दरें; झारखंड के 23 टोल प्लाजों पर असर

Published: Sun, 15 Mar 2026 11:09 PM (GMT+05:30)

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने फास्टैग वार्षिक पास शुल्क में संशोधन किया है। अब निजी वाहन मालिकों को 1 अप्रैल 2026 से ₹3000 के बजाय ₹3075 चुकाने होंगे।

फास्टैग वार्षिक पास का शुल्क ₹3075 हुआ। फाइल फोटो

फास्टैग वार्षिक पास का शुल्क ₹3075 हुआ। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले निजी वाहन मालिकों को अब फास्टैग वार्षिक पास के लिए अधिक राशि चुकानी होगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए फास्टैग वार्षिक पास शुल्क में संशोधन किया है।

अभी तक वार्षिक पास के लिए 3000 रुपये का भुगतान करना पड़ता था, जिसे बढ़ाकर 3075 रुपये कर दिया गया है। नई दरें 1 अप्रैल 2026 से देश भर के टोल पर लागू होंगी।

इसका असर धनबाद समेत झारखंड के 23 टोल प्लाजा समेत देश भर के टोल प्लाजा से गुजरने वाले निजी वाहनों के मालिकों पर पड़ेगा।

गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू

NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि यह संशोधन राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दर निर्धारण और संग्रह) नियम, 2008 के प्रावधानों के अनुसार किया गया है।

देशभर में फिलहाल 56 लाख से अधिक उपयोगकर्ता FASTag वार्षिक पास का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो निजी वाहन मालिकों के बीच इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

संशोधित शुल्क वैध फास्टैग वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू होगा। इन वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर स्थित करीब 1150 टोल प्लाजा पर इस सुविधा का लाभ मिलेगा।

FASTag वार्षिक पास लेने वाले उपयोगकर्ताओं को बार-बार फास्टैग रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ती। यह पास एक वर्ष की अवधि या 200 टोल प्लाजा पार करने तक, जो पहले पूरा हो, तक मान्य रहता है।

दो घंटे के भीतर सक्रिय हो जाता है FASTag

वार्षिक पास की एकमुश्त राशि जमा करने के करीब दो घंटे के भीतर यह वाहन से जुड़े मौजूदा फास्टैग पर सक्रिय हो जाता है। इसका भुगतान राजमार्ग यात्रा एप या भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है।

गौरतलब है कि 15 अगस्त 2025 को शुरू की गई फास्टैग वार्षिक पास योजना को देशभर के राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इससे यात्रियों को सुविधाजनक, समय की बचत करने वाला और किफायती यात्रा विकल्प मिल रहा है।

झारखंड में हैं कुल 23 टोल प्लाजा

धनबाद समेत पूरे झारखंड में कुल 23 टोल प्लाजा हैं। इन सभी जगहों पर भी पास बनवाने की सुविधा है। इनमें अंजन धाम (नगफेनी) प्लाजा, मेदिनीनगर,हरिहरनाथ कौवाखोह गांव, श्री बंशीधर टोल प्लाजा, गढ़देवी टोल प्लाजा, योगिनी माता टोल प्लाजा, कोठिया, सोसोखुर्द, पुपुनकी, घनगरी, टांड बलिडीह, नवसारी, नगवां, रसोइया धामना, मदनगुंडी, एदलहातु, पाटा टोल प्लाजा, हेसमी (मांडर) टोल प्लाजा, तुरुप
पतराचौली, कोकपारा, पुटरू टोल प्लाजा और हजारीबाग टोल प्लाजा हैं।

यह भी पढ़ें- डोबो जमीन खरीद मामले में फंसे यूपी संघ के पूर्व दिग्गज, नई कमेटी करेगी दूध का दूध और पानी का पानी 

यह भी पढ़ें- झारखंड में प्रिंस खान का आतंक: कारोबारियों से बार-बार मांग रहा रंगदारी, इस नंबर से करता है कॉल