पटना से धनबाद आ रही गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में वृद्ध महिला की कान की बाली झपटी, रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल
Railway Crime News: पटना से धनबाद आ रही गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में एक वृद्ध महिला की कान की बाली झपट ली गई, जिससे उनका कान कट गया।

कानबाली झपटने के दौरान महिला के कान का निचला हिस्सा कटा। (फोटो सौजन्य)
HighLights
गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में वृद्ध महिला की कान की बाली झपटी।
घटना में महिला का दाहिना कान बुरी तरह कट गया।
धनबाद रेल थाने में पोते ने दर्ज कराई प्राथमिकी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। पटना से धनबाद आ रही गंगा-दामोदर एक्सप्रेस से वृद्ध महिला की सोने की कान की बाली झपट कर अपराधी फरार हो गया। घटना में महिला का दाहिना कान कट गया जिससे वह लहूलुहान हो गईं।
चलती ट्रेन में हुई घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। मामले की शिकायत पहले रेल मदद के माध्यम से की गई। बाद में सुबह ट्रेन के धनबाद पहुंचने पर रेल थाने में घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
आतिश कुमार ने बताया कि वह अपनी दादी के साथ गंगा-दामोदर एक्सप्रेस से पटना से धनबाद आ रहे थे। स्लीपर के एस-6 में 73 व 74 नंबर बर्थ उनकी थी। दादी लोअर बर्थ पर सो रही थीं। पटना से गया के बीच खिड़की से एकाएक किसी ने उनकी कान की बाली झपट ली।
घटना में उनके कान का निचला हिस्सा बुरी तरह कट गया, जिससे खून बहने लगा। तत्काल कोई उपाय न मिलने पर उन्होंने अपने पास उपलब्ध बैंडेड लगाकर बहते खून को रोका। फिर आन बोर्ड टिकट चेकिंग स्टाफ और गार्ड को सूचना दी।
रेल मदद एप पर भी शिकायत दर्ज करा कर प्राथमिक उपचार का आग्रह किया। थोड़ी देर बाद दो टैबलेट दिया गया पर कोई डाक्टर नहीं आये। बावजूद टैबलेट लेकर आनेवालों ने डाक्टर के परामर्श शुल्क के तौर पर 100 रुपये चुकाने की बात कही।
अक्सर होती हैं ऐसी घटनाएं, यात्री को सतर्क रहना चाहिए
वृद्ध महिला के साथ हुई घटना की सूचना स्थानीय रेल पुलिस को दी गई। आतिश का कहना है कि जीआरपी स्टाफ से जब शिकायत की गई तो उन्होंने बताया कि अक्सर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं।
यात्रियों को सतर्क रहना चाहिए। आरपीएफ के सीनियर कांस्टेबल ने बताया कि विगत 16 सितंबर को भी ऐसी घटना हो चुकी है। इस घटना को लेकर रेल यात्रियों में आक्रोश देखा जा रहा है। इंटरनेट मीडिया में अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं।
