विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद रेलवे स्टेशन पर गूंजी किलकारी, आरपीएफ महिला आरक्षी ने कराई सुरक्षित डिलीवरी

Published: Thu, 09 Jul 2026 01:01 PM (IST)

Dhanbad News: धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 7 पर एक महिला ने प्रसव पीड़ा के दौरान एक बेटे को जन्म दिया, जिसमें आरपीएफ महिला आरक्षी ने मदद की।

धनबाक रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात पर ओडिशा की महिला का हुआ सुरक्षित प्रसव।

धनबाक रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात पर ओडिशा की महिला का हुआ सुरक्षित प्रसव।

जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर सात पर प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक महिला ने आरपीएफ महिला आरक्षी की मदद से बेटे को जन्म दिया। 35 वर्षीय प्रसूता फूलसुंदरी ओडिशा के अंगूल जिले के सुखापुड़िया गांव की रहने वाली है।

फूलसुंदरी अपनी बहन के साथ अंगूल से धनबाद आई थी। जच्चा-बच्चा को रेलवे हास्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों बिल्कुल स्वस्थ हैं। वह धनबाद के गोविंदपुर आजादडीह में रहने वाली अपनी बहन काटूनी मल्लार के साथ ओडिशा के अंगूल से गुरुवार की सुबह धनबाद आई थी।

ट्रेन से उतरने के बाद उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। आरपीएफ ने तत्काल महिला आरक्षी प्रियम कुमारी को भेजा। प्लेटफार्म के जिस स्थान पर महिला पीड़ा से कराह रही थी, उसी स्थान को सफेद चादरों से घेर दिया गया। कुछ ही देर में महिला ने बच्चे को जन्म दिया।

बाद में रेलवे अस्पताल की चिकित्सक डा. स्वाति गौतम पैरामेडिकल स्टाफ के साथ पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद मां-बेटे को एंबुलेंस से रेलवे अस्पताल ले जाया गया। महिला की बहन ने बताया कि फूलसुंदरी अंगूल में अपने पति शंकर शेखरा के साथ रहती है। वह गर्भवती थी और उसकी देखभाल के लिए उसे अपने साथ धनबाद लाई थी।